मतदाता सूची में धांधली का आरोप, भाजपा ने डीएम अमेठी को सौंपा ज्ञापन
अमेठी{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी में भाजपा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस पर गड़बड़ी करने का आराेप लगाया है। भारतीय जनता पार्टी नेताओं ने आज जिलाधिकारी अमेठी संजय चाैहान काे ज्ञापन साैंप कर कहा कि कांग्रेस सुनियोजित साजिश के तहत फर्जी नाम जुड़वाने और दलित, पिछड़ा व सामान्य वर्ग के वास्तविक मतदाताओं के नाम जानबूझकर कटवाने का प्रयास कर रही है।
ज्ञापन देने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अमेठी में कांग्रेस का इतिहास लोकतंत्र को कमजोर करने का रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा बूथ कैप्चरिंग, फर्जी मतदान और वोट चोरी के सहारे चुनाव जीतने का प्रयास किया है। जनता पर भरोसा न होने के कारण कांग्रेस हर चुनाव में ऐसे हथकंडे अपनाती है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने विगत 4 फरवरी की घटना का हवाला देते हुए बताया कि ग्राम ठेंगहा, तहसील अमेठी के बूथ संख्या 207 एवं 208 पर पुनरीक्षण अभियान के दौरान कांग्रेस जिला सचिव राकेश कुमार मौर्य एवं उनकी पत्नी सुभद्रा कुमारी मौर्या बीएलओ 209 नंबर बूथ द्वारा कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने और फॉर्म भरने से रोकने का प्रयास किया गया। विरोध होने पर वे वहां से चले गए।
भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता चंद्रमौलि सिंह ने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष को बदनाम करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की नीयत से उप जिलाधिकारी अमेठी को मनगढ़ंत प्रार्थना पत्र दिया गया। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी अमेठी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
