फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास पर फायरिंग मामले का पांचवां आरोपित गिरफ्तार
मुंबई{ गहरी खोज }: महाराष्ट्र के मुंबई के जुहू में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास पर हुई फायरिंग की घटना के सिलसिले में मुंबई पुलिस ने पांचवें आरोपित को गुरुवार को पुणे से गिरफ्तार किया है। पुलिस इस घटना में अभी भी फायरिंग करने वाला आरोपित फरार है, जिसकी गहन तलाश जारी है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर रविवार रात को आरोपितों छह राउंड फायरिंग की थी, जिसमें एक गोली जिम के शीशे पर लगी। फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ था। अब तक की छानबीन में पता चला है कि आरोपित का बिश्नोई गैंग से संबंध है और फायरिंग के लिए एक उन्नत देसी हथियार का इस्तेमाल किया था।
जांच के दौरान ऐसे संकेत भी मिले हैं कि मुख्य शूटर के साथ घटनास्थल के पास गैंग के कई अन्य सदस्य भी मौजूद हो सकते हैं। इस मामले में पुलिस ने स्वप्निल बंदू सकट (23), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (19), समर्थ शिवशरण पोमाजी (19) और आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19) को पहले ही गिरफ्तार किया था, जबकि आज पुणे से ही एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। अभी तक पुलिस ने उस आरोपित के नाम उजागर नहीं किया है। जांच में यह भी पता चला है कि रोहित शेट्टी के आवास पर फायरिंग करने वाले आरोपित पूर्व राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के आरोपितों रूपेश मोहोल, शिवम कोहाड़, करण साल्वे, गौरव अपुने, आदित्य गुलंकर और प्रवीण लोणकर से परिचित हैं।
जांच पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कथित शूटर शेट्टी के घर पर फायरिंग करते और बाद में इलाके से भागते हुए दिख रहा है। भागते समय संदिग्ध की तस्वीर विले पार्ले रेलवे स्टेशन के पास कैमरों में भी कैद हुई थी। इसके बाद शूटर को एक दोपहिया वाहन चलाते हुए देखा गया, जिसे उसने विले पार्ले इलाके में सेंट जोसेफ चर्च रोड के पास छोड़ दिया और फिर रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए एक और वाहन का प्रयोग किया, जिसके बारे में माना जाता है कि वह एक ऑटो-रिक्शा था। पुलिस के साथ बातचीत के दौरान, शेट्टी ने बताया कि उन्हें मैसेज, कॉल, वॉयस नोट या ईमेल के रूप में पहले कोई धमकी नहीं मिली थी।
हालांकि, घटना के बाद, शुभम लोनकर नाम के एक व्यक्ति की सोशल मीडिया पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से हमले की जिम्मेदारी ली थी। यह पोस्ट बाद में वायरल हो गई और फिर उसे डिलीट कर दिया गया। अब तक की जांच में यह भी पाया कि दावा सामने आने के बाद पोस्ट से जुड़ा अकाउंट भी डिलीट कर दिया गया था। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम इस मामले की आगे की जांच जारी रखे हुए है।
