बजट सत्र : विधानसभा में राजद विधायक ने मोकामा के किसानों की समस्या पर किया सवाल

0
94ffea4f0a4423b01e8aead48d20554c_338996966

पटना{ गहरी खोज }: बिहार विधानमंडल में बजट सत्र के तीसरे दिन गुरुवार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मोकामा विधानसभा क्षेत्र के किसानों की समस्या को बिहार विधानसभा में राजद विधायक कुमार सर्वजीत की ओर से उठाया गया।
राजद के कुमार सर्वजीत ने दलहन उत्पादों की खरीद एमएसपी पर होगी या नहीं इस पर भी सरकार से सवाल उठाया। इस पर कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में टाल इलाके में काफी काम हो रहा है। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि टाल इलाके में जल प्रबंधन के लिए काफी काम हुआ है। टाल के सरप्लस जल के निकासी की व्यवस्था की जा रही है। हारोहार नदी के माध्यम से गंगा के पानी के निकाल की व्यवस्था की जा रही है। लखीसराय बालगुदर में एंटी फ्लूड्स स्विस गेट तैयार किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि टाल के किसानों की बेहतरी के लिए बिहार सरकार प्रतिबद्ध है। साथ ही दलहन उत्पादों की खरीद एमएसपी पर होने को लेकर भी सरकार के तय मानकों का उल्लेख सदन में किया गया।
जोकिहाट से एआईएमआईएम विधायक मुर्शिद आलम ने मक्का की खरीदारी से जुड़ा सवाल पूछा था। इस पर उन्हें जवाब मिला कि व्यापार मंडल और पैक्स दोनों जगह मक्का खरीदने का आदेश दिया था। इस जवाब पर जोकीहाट विधायक ने कहा कि केवल व्यापार मंडल के लिए आदेश मिला था न कि पैक्स से, सरकार की तरफ से गलत जवाब दिया गया।
मंत्री ने कहा कि इथेनॉल प्लांट से डिमांड के बाद ही एनसीसीएफ के माध्यम से मक्के की खरीदारी की जाएगी। इस पर एआईएमआईएम विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि इसलिए एमएसपी तय किया जाता है कि बाजार में डिमांड न हो तब भी उचित मूल्य मिल सके। इसके बाद स्पीकर ने मंत्री को सलाह दी कि सदयों के सुझाव की समीक्षा कर निर्णय लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *