राष्ट्रपति का अभिभाषण परंपरा और प्रगति का संगम : जेपी नड्डा

0
56b2106a6c8feac446294e676fd67d5c

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर बुधवार को चर्चा जारी रखते हुए सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए हमेशा तैयार है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का ज़िक्र कर उन्होंने कहा कि सरकार इसपर भी चर्चा के लिए तैयार है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल अस्वस्थ होने के बावजूद मुंबई से दिल्ली आए, ताकि लोकसभा में इस मुद्दे पर बयान दे सकें लेकिन सदन की कार्यवाही नहीं चल पाने के कारण उनका भाषण नहीं हो सका। उन्होंने दावा किया कि भारत–अमेरिका व्यापार समझौता संतुलित है और देशहित में है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का नजरिया संकीर्ण है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का अभिभाषण भारत की परंपराओं के साथ-साथ विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ने का स्पष्ट रोडमैप पेश करता है। बजट सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण में भारत की अद्भुत विकास यात्रा का शक्तिशाली प्रतिबिंब हमें देखने को मिला है। हमारी सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत के साथ ही वर्ष-2047 के विकसित भारत का समावेश राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में किया है। उन्होंने कहा कि देश ने लंबा सफर तय किया है और प्रगति को समझने के लिए यह जानना जरूरी है कि हम पहले किस स्थिति में थे। जेपी नड्डा ने कहा कि भारत कभी “फ्रैजाइल फाइव” देशों में गिना जाता था, लेकिन आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। देश नीतिगत जड़ता (पॉलिसी पैरालिसिस) से निकलकर अब रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के रास्ते पर आगे बढ़ चुका है। पहले जहां देश घोटालों के लिए जाना जाता था, वहीं अब पारदर्शिता की क्रांति देखने को मिल रही है। जेपी नड्डा ने कहा कि भारत पहले आयात पर निर्भर था लेकिन अब आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया के माध्यम से आत्मनिर्भरता की ओर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
जेपी नड्डा ने कहा कि जीएसटी के बारे में भारी विरोध होने के बावजूद ये लागू हुआ, जिससे देश में सकारात्मक परिवर्तन आये है। वर्ष-2025 में आये जीएसटी 2.0 से भारत के आर्थिक विकास में तेजी आई है। पिछला सप्ताह भारत की आर्थिक क्रांति के क्षेत्र में सबसे महत्वपूर्ण रहा। आर्थिक सर्वेक्षण में भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था रहा है। वहीं भारतीय -ईयू व्यापार समझौते के बाद भारत और अमरिका व्यापार समझौता देश के आर्थिक विकास में ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक गरीबी हटाने की बात की लेकिन भ्रष्टाचार किया। गरीबों के नाम पर वोटबैंक लिया लेकिन गरीबों को बैंक तक नहीं जाने दिया।
गरीबों को शौचालय, पक्का आवास, पीएम-जनधन, उज्ज्वला योजना जैसी नीतियों से उन्हें कई अधिकार मोदी सरकार ने दिये हैं। मोदी सरकार में 25 करोड़ लोग आज गरीबी रेखा से बाहर निकलकर सम्मानपूर्वक अपना जीवन जी रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘आयुष्मान भारत’ योजना के अंतर्गत 62 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये की इलाज की गारंटी दी गई है, ये योजना दुनिया का सबसे बड़ा हेल्थ कवरेज है। कांग्रेस की सरकारों ने इस तरफ कभी ध्यान नहीं दिया। विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए जेपी नड्डा ने कहा जब राष्ट्रपति जी अपना वक्तव्य दे रहीं थीं तो विपक्ष ने उनके अभिभाषण में व्यवधान करते हुए नारे लगाये थे।
राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की दलीलें भले अच्छी लगें लेकिन ज़मीनी हकीकत इतनी खराब है कि उसे सही नहीं ठहराया जा सकता। खरगे ने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में कई अहम मुद्दों पर चुप्पी रही। उन्होंने सदन के सामने सामाजिक न्याय, सामाजिक सद्भाव, संवैधानिक संस्थाओं पर हमले, अर्थव्यवस्था की स्थिति, किसानों और मजदूरों के संघर्ष तथा विदेश नीति की कमियों जैसे विषय उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को सिर्फ भाजपा का वोट बैंक बनाकर देखा जा रहा है। खरगे ने सरकार से सवाल किया कि महिलाओं को आरक्षण अब तक पूरी तरह लागू क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यह सरकार की कथनी और करनी के बीच के अंतर को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *