यह ‘विकसित बिहार’ का संकल्प पूरा करने वाला बजट है : नीतीश कुमार

0
202602033660545

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: बिहार विधानसभा में मंगलवार को वित्त मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। इस बजट को लेकर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि यह ‘विकसित बिहार’ का संकल्प पूरा करने वाला बजट है।
सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बिहार विधानसभा में वित्त मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। यह ‘विकसित बिहार’ का संकल्प पूरा करने वाला बजट है। न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर आधारित इस बजट में सभी क्षेत्रों तथा किसानों, उद्यमियों, युवाओं एवं महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। यह सम्पूर्ण, समावेशी एवं विकास को बढ़ावा देने वाला बजट है।
उन्होंने कहा कि इस साल बिहार का बजट 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपए से अधिक का है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 30 हजार करोड़ रुपए से अधिक है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार की विकास दर 14.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है। यह बजट हमारी सरकार द्वारा लागू किए गए सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को पूरा करने में काफी मददगार साबित होगा। हम लोगों ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
सीएम नीतीश कुमार ने आगे लिखा कि राज्य में वित्तीय संसाधनों का उचित प्रबंधन कर युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत हर घर की एक महिला को रोजगार के लिए 2 लाख रुपए की सहायता हेतु भी प्रावधान किया गया है। राज्य में उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह बजट प्रत्येक परिवार को अवसर प्रदान करने, प्रत्येक युवा के कौशल विकास और महिलाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्यों को पूरा करेगा।
शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि में हमारे प्रयास से हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रावधान भी इस बजट में किए गए हैं। बिहार बजट 2026-27 राज्य की अर्थव्यवस्था के विकास की गति को तेज करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। राज्य सरकार के अपने राजकोषीय संसाधनों के समुचित प्रबंधन से बिहार का विकास तीव्र गति से हो सकेगा। बिहार के विकास में केंद्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अगले कुछ वर्षों में बिहार देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *