हुंदै मोटर इंडिया का तीसरी तिमाही का शुद्ध लाभ 6.35 प्रतिशत बढ़कर 1,234.4 करोड़ रुपये

0
हुंडई

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: वाहन कंपनी हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 6.35 प्रतिशत बढ़कर 1,234.4 करोड़ रुपये हो गया। जीएसटी 2.0 और त्योहारी मांग के चलते बिक्री बढ़ने से मुनाफे में यह बढ़ोतरी हुई है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 1,160.74 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। हुंदै मोटर इंडिया ने सोमवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के वित्तीय नतीजों का विवरण साझा किया।
समीक्षाधीन तिमाही में हुंदै का परिचालन राजस्व सालाना आधार पर बढ़कर 17,973.49 करोड़ रुपये हो गया। दिसंबर, 2024 तिमाही में यह 16,647.99 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा कि जीएसटी 2.0 और त्योहारी सीजन के अनुकूल माहौल से घरेलू मांग को समर्थन मिला। इस दौरान थोक बिक्री में पिछली तिमाही की तुलना में पांच प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। आलोच्य तिमाही में कंपनी का कुल खर्च भी बढ़कर 16,551.11 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि में 15,329.73 करोड़ रुपये था।
एचएमआईएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने कहा, “तीसरी तिमाही का प्रदर्शन हमारी मजबूती और ‘वृद्धि की गुणवत्ता’ रणनीति के बेहतर क्रियान्वयन को दर्शाता है। यह मात्रा, राजस्व और लाभप्रदता में स्वस्थ वृद्धि से स्पष्ट है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *