अजीत पवार की विमान हादसे में हुई मौत की जांच सीआईडी को सौंपी गई
मुंबई{ गहरी खोज }: महाराष्ट्र सरकार ने उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की विमान हादसे में हुई मौत की जांच शुक्रवार को सीआईडी को सौप दी। यह जानकारी गृह विभाग के सूत्रों ने दी। 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी। महाराष्ट्र सरकार ने आज इस मामले की सीआईडी जांच का आदेश दिया है। इस आदेश के बाद पुणे ग्रामीण पुलिस ने हादसा ग्रस्त स्थल को प्रतिबंधित घोषित कर दिया है और सीआईडी टीम मौके पर पहुंच कर जांच शुरु कर दी है। सीआईडी की टीम बारामती हवाई अड्डे पर सुरक्षा खामियों और बुनियादी ढांचे के मुद्दों की जांच करेगी। इस मामले को शुरू में पुणे ग्रामीण पुलिस संभाल रही थी। सरकार ने पुणे ग्रामीण पुलिस को मामला और अब तक जुटाई गई जानकारी राज्य सीआईडी को सौंपने के लिए कहा है। पुणे ग्रामीण पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था। इस बीच, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएटीबी) ने दुर्घटना की जांच शुरू करते हुए ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया। इस महत्वपूर्ण उपकरण को डीकोड करने के बाद संभावित कारणों, जिनमें एयरोडायनामिक स्टॉल, इंजन फेलियर, या खराब विजिबिलिटी के कारण पायलट की गलती शामिल है, उसका पता चलेगा।
