नवादा में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, दो युवतियां व चार युवक गिरफ्तार

0
c60b6bd247c4c85b520538723ed39347

नवादा{ गहरी खोज }: नवादा नगर थाना क्षेत्र के नवीन नगर मोहल्ले में शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक मकान से दो युवतियों समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि नवीन नगर मोहल्ले के एक आवासीय मकान में अवैध रूप से वेश्यावृत्ति का धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना की सत्यता की पुष्टि के बाद नगर थाना पुलिस ने पूरी तैयारी के साथ शुक्रवार को उक्त मकान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से दो युवतियों और चार युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों युवकों ने पूछताछ के दौरान इस अवैध धंधे में शामिल होने की बात स्वीकार की है। वहीं, दोनों युवतियों के परिजनों को भी मामले की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह गतिविधि काफी समय से चल रही थी और इसमें बाहरी लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है।
फिलहाल सभी आरोपिताें को हिरासत में लेकर नगर थाना में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट का सरगना कौन है, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या इस नेटवर्क का संबंध किसी बड़े गिरोह से है। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि कहीं मानव तस्करी का एंगल तो नहीं जुड़ा हुआ है।
नगर थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *