बदायूं में अवर अभियंता 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
बरेली{ गहरी खोज }: भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) बरेली मंडल की टीम ने जनपद बदायूं में तैनात विद्युत विभाग के एक अवर अभियंता को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार दोपहर 12:10 बजे बदायूं के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित ग्राम रसूलपुर बिलहरी में चल रहे बिजली बिल बकाया जमा कैंप से आरोपित को पकड़ा हैं। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रदीप बाबू के रूप में हुई हैं, जो वर्तमान में विद्युत वितरण खंड प्रथम, ढाक वाली जारत बिजलीघर बदायूं में अवर अभियंता के पद पर तैनात है।
शिकायतकर्ता ग्राम करोलिया निवासी अमरजीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी माता के नाम नलकूप के विद्युत कनेक्शन का इस्टीमेट बनाने के बदले अवर अभियंता 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत का सत्यापन होने के बाद ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपित को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने बताया कि आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।” संगठन ने आम लोगों से रिश्वत की शिकायत बेझिझक करने की अपील की है।
