कानपुर में 1.5 किलो चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार
कानपुर{ गहरी खोज }: अनवरगंज थाना पुलिस ने शुक्रवार को एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक किलो 530 ग्राम चरस बरामद हुई है । पकड़े गए तस्कर पर पहले से ही हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और गुंडा एक्ट समेत करीब 16 आपराधिक मुकदमे शहर के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
अनवरगंज थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि सूचना मिली थी कि कालपी रोड क्षेत्र में एक युवक भारी मात्रा में चरस लेकर सप्लाई के लिए जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से चरस बरामद हुई।पूछताछ में आरोपित की पहचान बाबूपुरवा के मुंशीपूर्वा निवासी मोहम्मद आरिफ उर्फ मोहम्मद सिंघानिया के रूप में हुई है। आरोपित पर पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं उस पर बाबूपुरवा थाने से गुंडा एक्ट की कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपित से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
