प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर और समावेशी भारत का निर्माणः शिवराज सिंह
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिह चौहान ने आर्थिक सर्वेक्षण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश सर्वांगीण विकास की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उनकी नीतियों से आत्मनिर्भर और समावेशी भारत का निर्माण हो रहा है, जिसका प्रमाण है पिछले पाँच वर्षों में 4.4 प्रतिशत की औसत कृषि विकास दर- जो अपने आप में एक असाधारण उपलब्धि है।
गुरुवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुआ है- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से 500 की आबादी तक हर गाँव जुड़ा है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि सभी को गति मिली है।
आज लगभग 4 करोड़ आवास बने हैं, आजीविका मिशन से 10 करोड़ से अधिक बहनें जुड़ी हैं और 12 लाख करोड़ रुपये का ऋण उन्हें मिला है। परिणामस्वरूप 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं और ग्रामीण गरीबी 55 प्रतिशत से घटकर लगभग 11 प्रतिशत रह गई है- यही समावेशी विकास की असली तस्वीर है। उन्होंने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में देश का खाद्यान्न उत्पादन 357.73 मिलियन टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँचा है, जो हमारी बढ़ी हुई उत्पादकता का प्रमाण है।
आज चावल, गेहूं, मक्का, सरसों और मोटे अनाज में अधिक उपज के कारण हम न सिर्फ आत्मनिर्भर हुए हैं बल्कि चावल में चीन को पीछे छोड़कर दुनिया के सबसे बड़े उत्पादक बने हैं। जो देश कभी आयात पर निर्भर था, वह आज कई मामलों में निर्यातक है- इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उन्होंने किसानों को बधाई दी।
