टेलीग्राम टास्क के जरिए लाखों की ठगी, दो आरोपित गिरफ्तार

0
a2ef406e2c2351e0b9e80029c909242d_771887354

फरीदाबाद{ गहरी खोज }: टेलीग्राम टास्क के जरिए मोटा लाभ कमाने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एन.एच.-5, फरीदाबाद निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि पिछले दिनों उसके व्हाट्सएप पर एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करने पर वह एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया, जहां उसे टास्क पूरा कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। ठगों द्वारा विभिन्न टास्क के नाम पर उससे तीन लाख 22 हजार रुपए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए।
बाद में जब पीडि़त ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने देने से इनकार कर दिया। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ओम प्रकाश निवासी भिनसर, जिला बीकानेर (राजस्थान) तथा देवेन्द्र निवासी रामदेव नगर, बीकानेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ओम प्रकाश ने अपनी बहन के नाम से बैंक खाता खुलवाकर अपने साथी देवेन्द्र को उपलब्ध कराया था। उक्त खाते में ठगी की रकम में से 45 हजार रुपए प्राप्त हुए थे। दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *