गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस लाइन में आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल
बांदा{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस समारोह को गरिमामय ढंग से मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस समारोह के अंतर्गत रैतिक परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस बल के जवानों ने अनुशासन, एकरूपता और राष्ट्रभक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।
फुल ड्रेस रिहर्सल के अवसर पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल स्वयं उपस्थित रहे और उन्होंने परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों की ड्रिल, कदमताल, वेशभूषा और अनुशासन की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, ऐसे में समारोह की हर गतिविधि में अनुशासन, समयबद्धता और गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे तथा आम नागरिकों और अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने परेड कमांडरों को कदमताल और समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया ताकि 26 जनवरी को होने वाली परेड उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर सके।
