रोजगार मेला में 253 युवाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

0
253d19ea22a209547aa35a44e01f261e

देहरादून{ गहरी खोज }: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के देहरादून स्थित सीमाद्वार परिसर में शनिवार को आयोजित रोजगार मेला 2026 के दौरान 253 चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा शामिल हुए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आज देशभर में एक साथ 45 केंद्रों पर रोजगार मेलों का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत लगभग 61 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। चयनित अभ्यर्थियों को आवश्यक प्रशिक्षण के उपरांत उनकी तैनाती की जाएगी।
रोजगार मेले के माध्यम से आईटीबीपी, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), असम राइफल्स, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश तथा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) सहित विभिन्न केंद्रीय संस्थानों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
कार्यक्रम के समापन पर केंद्रीय राज्य मंत्री टम्टा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में रोजगार सृजन को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्राप्त हो रहे हैं। कार्यक्रम में गढ़ी कैंट विधायक सविता कपूर, उत्तरी सीमांत मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं नवनियुक्त अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *