रेलवे अंडरपास में हुई हत्या की गुत्थी सुलझी, तीन नाबालिग समेत चार को पकड़ा

0
bd2dfd85b2fa9ebc58289a2fbc448a93

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: पूर्वी जिले के प्रीत विहार थाना क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए तीन नाबालिग समेत चार आरोपितों को पकड़ा है। आरोपितों की निशानदेही पर वारदात के समय पहनी गई खून से सनी शर्ट भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 22 जनवरी 2026 को बीट गश्त के दौरान होटल मोना इंटरनेशनल के पास रेलवे अंडरपास में करीब 25 वर्षीय एक युवक का शव पड़ा मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच में पाया कि युवक के पेट, चेहरे, गर्दन और सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पेट पर चाकू से किए गए वार भी मिले, जिससे उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर बाद में पहचान के लिए एलबीएस अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया। इस संबंध में थाना प्रीत विहार में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड, स्पेशल स्टाफ और थाना प्रीत विहार की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
जांच में अमन उर्फ राजू (22) को मुख्य आरोपित के रूप में चिन्हित किया गया, जबकि तीन नाबालिग भी वारदात में शामिल पाए गए। पुलिस ने अमन उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वारदात के समय उसने जो शर्ट पहनी थी, वही खून से सनी शर्ट पुलिस ने बरामद कर ली। इसके बाद मृतक की पहचान देवा (25) निवासी रमाबाई, कानपुर (उप्र) के रूप में हुई।
आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि मृतक रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे रहता था और शराब का आदी था। आपसी झगड़े और अपराध से मिले पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जो हिंसक झगड़े में बदल गया। गुस्से में आरोपितों ने पत्थरों, चाकू और मुक्कों से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित अमन उर्फ राजू पहले भी तीन आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। बाकी आरोपितों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *