पीएम श्री और सीएम श्री की तर्ज पर दिल्ली में बनाएं जाएंगे निगम श्री स्कूल : महापौर

0
0375c403477055b479c5b2fa0f9d30ad

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: जिस प्रकार पीएम श्री स्कूल एवं दिल्ली सरकार के सीएम श्री स्कूल संचालित किए जा रहे हैं, उसी तर्ज पर अब दिल्ली नगर निगम भी “निगम श्री स्कूल” का निर्माण करेगा। प्रारंभिक चरण में प्रत्येक जोन में दो-दो निगम श्री स्कूल बनाए जाएंगे, जिनमें प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इन स्कूलों में विशेष रूप से बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने पर ध्यान दिया जाएगा। यह महत्वपूर्ण घोषणा दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने की। वह शनिवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के प्राथमिक विद्यालय, ई-ब्लॉक, अशोक विहार फेज-एक में ध्वजारोहण काे पहुचे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय निगम पार्षद एवं दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने की।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि नगर निगम के सभी प्राइमरी स्कूलों के बच्चे अत्यंत प्रतिभावान हैं और निगम के स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर अच्छा कार्य कर रहे हैं। दिल्ली नगर निगम अपने स्कूलों में आधुनिक शिक्षा पद्धतियों को अपनाते हुए शिक्षा के स्तर को लगातार सुधार रहा है। स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
महापौर ने अपने संबोधन में आगे कहा कि किसी भी समाज की मजबूत नींव शिक्षा, संस्कार और अनुशासन से बनती है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण के सच्चे शिल्पकार हैं, जो बच्चों को सही दिशा और संस्कार देते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा में विद्यालय के साथ निरंतर सहयोग करें तथा संविधान में निहित मूल्यों समता, बंधुत्व और न्याय को अपने जीवन में अपनाने के लिए बच्चों को प्रेरित करें।
राजा इकबाल सिंह ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं दिल्ली सरकार के साथ शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे और दिल्ली नगर निगम के स्कूलों का स्तर और अधिक ऊंचा करेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि शहर को साफ व स्वच्छ रखने में निगम का सहयोग करे, खुले में कूड़ा न जलाए, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *