बिलावर में फिर दिखा संदिग्ध हथियारबंद, सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी
कठुआ{ गहरी खोज }: जम्मू-कश्मीर के जिला कठुआ के पहाड़ी क्षेत्र बिलावर में शनिवार उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय ग्रामीणों ने वर्दी पहने एक अज्ञात हथियारबंद व्यक्ति को देखा। जानकारी के अनुसार, संदिग्ध को देखते ही ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए उसका पीछा किया लेकिन वह जंगल की ओर भागने में सफल रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेरते हुए व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया, जो फिलहाल जारी है। सुरक्षाबलों द्वारा इलाके में युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते नाकाम किया जा सके। गौरतलब है कि बीते शुक्रवार शाम को भी बिलावर क्षेत्र में जैश के एक आतंकवादी को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में मार गिराया था। इसके बाद शनिवार को फिर से हथियारबंद व्यक्ति की मौजूदगी सामने आने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। सूत्रों के अनुसार भविष्य की किसी भी घटना को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चला रही हैं और इलाके पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
