गोवा अग्निकांड मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, लुथरा ब्रदर्स से जुड़े 8 ठिकानों पर छापेमारी
नई दिल्ली{ गहरी खोज }:गोवा में हुए अग्निकांड मामले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। ईडी गोवा की टीम ने इस मामले में लुथरा ब्रदर्स से जुड़े कुल 8 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई दिल्ली और गोवा में की जा रही है, जिसमें दिल्ली के 5 और गोवा के 3 ठिकाने शामिल बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इन ठिकानों में लुथरा ब्रदर्स के आवास भी शामिल हैं, जहां ईडी की टीमें दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों की गहन जांच कर रही हैं। बताया जा रहा है कि यह छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से की जा रही है और इसका सीधा संबंध गोवा में हुई आग की घटना से जुड़े फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन से है। ईडी से जुड़े सूत्रों की मानें तो, एजेंसी गोवा अग्निकांड से जुड़े मामलों में पैसों की हेराफेरी, संदिग्ध लेन-देन और फंड के प्रवाह की जांच कर रही है।
जांच के दायरे में यह देखा जा रहा है कि आग की घटना से पहले और बाद में किन-किन खातों से लेन-देन हुआ, पैसा कहां से आया और किसे भेजा गया। जानकारी के अनुसार, इस केस में पहले से दर्ज प्राथमिक मामलों के आधार पर ईडी ने अपनी जांच शुरू की थी। उसी जांच की कड़ी में आज यह सर्च ऑपरेशन अंजाम दिया जा रहा है। ईडी की टीमें अलग-अलग स्थानों पर एक साथ तलाशी लेकर दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक डेटा खंगाल रही हैं। इस कार्रवाई को लेकर ईडी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बता दें कि गोवा नाइटक्लब में हुए अग्निकांड में 25 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए थे। घटना के वक्त क्लब में करीब 100 लोग मौजूद थे, जिनमें से कई बाहर निकल ही नहीं सके। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि डेकोरेशन में इस्तेमाल किए गए अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ की वजह से आग फैल गई। हालांकि, जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा नियमों की गंभीर अनदेखी और उल्लंघन भी पाया गया।
