मुख्यमंत्री नीतीश की समृद्धि यात्रा का दूसरा चरण 27 जनवरी से शुरु

0
2439268721f57d60a43388f4b4abb30e_223019557

पटना{ गहरी खोज }: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का दूसरा चरण आगामी 27 जनवरी से शुरु होगा। जिसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने विस्तृत ब्यौरा जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ और जनसंवाद जारी है। यह यात्रा 16 जनवरी 2026 को पश्चिम चंपारण के बेतिया से शुरू हुई थी, जहां से मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों में विकास योजनाओं का जमीनी स्तर पर मूल्यांकन शुरू किया। पहले चरण में मुख्यमंत्री ने 8 दिनों में 9 जिलों का दौरा पूरा करने का लक्ष्य रखा है, जिसमें कुछ जिलों को एक ही दिन में कवर किया गया।
सामान्य प्रशासन विभाग ने समृद्धि यात्रा के दूसरे चरण का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह चरण 27 जनवरी से 29 जनवरी 2026 तक चलेगा और मिथिलांचल क्षेत्र पर केंद्रित रहेगा। 27 जनवरी को मुख्यमंत्री मधुबनी, 28 जनवरी को दरभंगा और 29 जनवरी को समस्तीपुर जिलों का दौरा करेंगे। इन जिलों में विकास योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास, समीक्षा बैठकें और स्थल निरीक्षण के साथ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। यह चरण तीन दिनों में तीन प्रमुख जिलों को कवर करेगा।
समृद्धि यात्रा के पहले चरण में अब तक पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सारण और सिवान जिलों में कार्यक्रम हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने इन जिलों में विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया, जन सभाओं को संबोधित किया और लाभार्थियों से बातचीत की। 23 जनवरी को मुजफ्फरपुर और 24 जनवरी को वैशाली में कार्यक्रम निर्धारित हैं, जिसके साथ पहला चरण समाप्त हो जाएगा।
समृद्धि यात्रा में मुख्यमंत्री विशेष रूप से ‘सात निश्चय’ जैसी प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर फोकस कर रहे हैं। वे विकास कार्यों की गुणवत्ता जांच रहे हैं और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दे रहे हैं। यात्रा के दौरान जनता से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनना और तत्काल निर्देश जारी करना भी प्रमुख उद्देश्य है।
बिहार विधानमंडल का बजट सत्र 2 फरवरी 2026 से शुरू हो रहा है, जो 27 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान 3 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया जाएगा। ऐसे में दूसरे चरण के बाद तीसरे चरण की समृद्धि यात्रा में कुछ ब्रेक लग सकता है, क्योंकि मुख्यमंत्री विधानसभा सत्र की तैयारियों और सदन में भागीदारी पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *