यूपी समेत कई राज्यों में ठंड के बीच हो सकती है बारिश, आईएमडी ने किया अलर्ट जारी

0
D4Te7dG5jyhs2-q_100100_news

जम्मू और कश्मीर में बर्फबारी जारी, मैदानी इलाकों में चली तेज हवाएं
नई दिल्ली { गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच कुछ हिस्सों समेत भारत के कई राज्यों में बारिश हो सकती है। आईएमडी ने शुक्रवार को अलर्ट जारी किया है। वहीं इस सप्ताह उत्तर पश्चिम के राज्य में न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है, जिसके चलते ठंड बढ़ सकती हैं। वहीं दिल्ली में भी ठंड की संभावनाएं हैं। इधर, जम्मू और कश्मीर में बर्फबारी फिर से शुरू हो गई। आईएमडी ने बताया कि उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान दो दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। वहीं इसके बाद चार दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस बढ़ने के आसार हैं।
उत्तर-पश्चिम में मुख्य रूप से राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख गिने जाते हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 23 जनवरी को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है। ऐसा ही मौसम जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में देखा जा सकता है। वहीं, 23 और 24 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है। 23 जनवरी को हरियाणा, उत्तराखंड, चंडीगढ़, दिल्ली और यूपी में तेज हवाएं और गरजन हो सकती है। साथ ही इस दौरान ओलावृष्टि भी दर्ज की जा सकती है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी, करईकल में 25 और 26 जनवरी, केरल और माहे में 26 जनवरी को बारिश होने की संभावना है। 25 और 26 जनवरी को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है। राजस्थान में 24 से 26 जनवरी तक उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में 24 जनवरी तक घना कोहरा बने रहने के आसार हैं। 23 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में शीत लहर चल सकती है। बता दें गुरुवार को वैष्णो देवी मंदिर क्षेत्र में पहली बर्फबारी दर्ज की गई। इसके चलते त्रिकुटा पहाड़ी पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। कश्मीर घाटी के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग और कुछ अन्य क्षेत्रों में गुरुवार को बर्फबारी हुई, वहीं श्रीनगर और अन्य मैदानी इलाकों में तेज हवाएं चलीं।
अधिकारियों के मुताबिक उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में गुरुवार देर शाम से बर्फबारी शुरू हो गई। गुलमर्ग में कुछ इंच बर्फ जमा हो गई है। मौसम विभाग ने कहा था कि घाटी के मैदानी इलाकों समेत व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। शिमला में करीब तीन महीने बाद शुक्रवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भी बर्फबारी हो रही है, जिनमें राज्य का एक अन्य लोकप्रिय पर्यटन स्थल मनाली भी शामिल है। स्थानीय मौसम केंद्र ने भारी बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। प्रशासन ने कहा कि चौपाल समेत जिले के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी जारी है, जिसके कारण चौपाल-देहा सड़क पर यातायात बाधित हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *