स्वदेशी अपनाने से मजबूत होगी देश की अर्थव्यवस्था: कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

0
c977852c2ef23df8ed45bdfb53d74454

शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भोथली में स्वदेशी जागरण मंच का कार्यक्रम

धमतरी{ गहरी खोज }: देश में निर्मित वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने और विदेशी उत्पादों के अत्यधिक प्रयोग से देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्वदेशी जागरण मंच द्वारा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भोथली में गुरुवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर मिश्रा ने स्वदेशी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश में बने वस्त्रों और उत्पादों का अधिक से अधिक उपयोग करने से न केवल स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिलती है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था भी सशक्त होती है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारा दायित्व है, जिससे देश का धन देश में ही रहता है।
कलेक्टर मिश्रा ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, योग और अन्य शारीरिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में शिक्षा सर्वोपरि है और इसे पूरी लगन व ईमानदारी से अपनाना चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य चुनने और हर कार्य को पूरी मेहनत व समर्पण के साथ करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर मिश्रा ने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारियों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विद्यालय में आयोजित मासिक परीक्षा का अवलोकन किया तथा आगामी बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन और बेहतर परिणाम के लिए प्राचार्य को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य साहू, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *