इकनार के दाे धर्मांतरित परिवार के घर में तोड़फोड़ कर की गई मारपीट
नारायणपुर{ गहरी खोज }: जिले के ओरछा थाना क्षेत्र अंर्तगत इकनार गांव में 2 धर्मांतरित परिवार के लगभग 15 से 16 लोगों के साथ अचानक पहुंची भीड़ ने इनके घर में तोड़फोड़ कर मारपीट कर दी । सामान को घर से बाहर फेंक दिया, राशन तक जला दिया गया है। मारपीट में घायल हुए कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है । जिसका वीडियो आज गुरूवार काे सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक दिन पहले बुधवार सुबह 8 से 9 बजे के करीब गांव के ही कुछ लोगों की भीड़ धर्मांतरित 2 परिवार वालों के घर पहुंची। परिवार के सदस्यों का कहना है कि उनके साथ मारपीट की गई। भीड़ ने पुरुषों के साथ ही महिलाओं और बच्चों को भी घर से निकालकर घर में तोड़फोड़ कर दी। सारा सामान बाहर निकालकर फेंक दिया, दस्तावेज और राशन में आग लगाकर उनके साथ मारपीट भी की गई । साथ ही गांव छोड़ने को कहा गया है। इसके साथ ही पीड़ितों का कहना है कि चर्च नहीं जाने की हिदायत दी गई है। वहीं इस घटना में परिवार के कुछ सदस्य घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एक युवक का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। इस घटना के बाद का वीडियो आज गुरूवार काे सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। धर्मांतरण के मामले में मारपीट की घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं पीड़ित परिवार के कुछ सदस्य जो घायल हैं वे अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बच्चों समेत महिलाएं घर के आंगन में ही बैठी हुई हैं। इस मामले को लेकर पुलिस की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है।
