जठलाना बैंक सेंधमारी का खुलासा, दो कुख्यात चोर दबोचे

0
fc14ada7fa9c5bf9f6a3d702c5b56217

यमुनानगर{ गहरी खोज }: यमुनानगर जिला के जठलाना क्षेत्र में केंद्रीय सहकारी बैंक में हुई चोरी की घटना में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया। जानकारी के अनुसार 19 जनवरी को जठलाना स्थित केंद्रीय सहकारी बैंक शाखा में अज्ञात चोरों द्वारा सेंधमारी की गई थी। बदमाशों ने बैंक की खिड़की व जगले को क्षतिग्रस्त कर लोहे की रॉड के सहारे अंदर प्रवेश किया और माइक्रो एटीएम सहित अन्य महत्वपूर्ण सामान चोरी कर लिया। वारदात के दौरान स्ट्रांग रूम तक पहुंचने का प्रयास किया गया तथा पहचान छिपाने के उद्देश्य से बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया गया। घटना के संबंध में बैंक कर्मी की शिकायत पर जठलाना थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर केस की जिम्मेदारी स्पेशल सेल को सौंपी गई। जांच के दौरान स्पेशल सेल प्रभारी रमन चंदेल को गुप्त सूचना मिली कि मारूपुर रोड क्षेत्र में दो संदिग्ध युवक किसी आपराधिक गतिविधि की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक राजकुमार के नेतृत्व में सुखविंदर राणा, विकास, लोकेश और सुरेंद्र की टीम गठित की गई। टीम ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को मौके से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान आकाश उर्फ कमल और फुरकान, निवासी माजरी जठलाना के रूप में हुई।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों ने बैंक चोरी की वारदात में संलिप्तता स्वीकार की है। उनके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त औजार भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त आरोपियों ने जनवरी माह के पहले सप्ताह में किसानों के ट्यूबवेल से नौ मोटर चोरी करने की बात भी कबूल की है। फिलहाल दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड अवधि के दौरान अन्य वारदातों से जुड़े अहम खुलासे होने की संभावना है। मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *