मुख्यमंत्री आज गोपालगंज में 369.04 करोड़ रुपये की लागत की 35 विकास योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास करेंगे

0
aa5a654751342f91392dee3e24048722_838972825

पटना{ गहरी खोज } : बिहार के विकास को नई गति देने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत मंगलवार को गोपालगंज के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले में कुल 369.04 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी 35 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।
इन योजनाओं से सड़क, पुल–पुलिया, तटबंध, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि और ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी, जिससे जिले के समग्र विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। समृद्धि यात्रा के पहले चरण में मुख्यमंत्री गोपालगंज पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार वे चयनित परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित आगमन को लेकर बरौली और बतरदे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता और व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थलों और उनके आवागमन मार्गों पर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा घेरा तैयार कर लिया है। किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बरौली के प्रेम नगर आश्रम से बरौली रेलवे ढाला तक, वहीं बढ़ेया मोड़ से लेकर बतरदे स्थित सारण बांध तक प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए जिले के वरीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्वयं मोर्चा संभाले हुए हैं और लगातार अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण कर रहे हैं। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी और डीएसपी-2 स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय किया गया है।
जिले के विभिन्न थानों से पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और रिजर्व बल को भी अलर्ट पर रखा गया है। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सुरक्षा जांच में सहयोग करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *