शादी के बंधन में बंधेंगे प्रियंक वाड्रा के बेटे रेहान, अवीवा बेग से हुई सगाई
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। खबर है कि रेहान वाड्रा ने दिल्ली की रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड अवीवा बेग से सगाई कर ली है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच सगाई का कार्यक्रम हो चुका है। सगाई कार्यक्रम में चुनिंदा लोगों को ही बुलाया गया। सगाई कार्यक्रम को काफी निजी रखा गया है। अवीवा और रेहान एक दूसरे को पिछले कई साल से जानते हैं।
बताया जा रहा है कि बेग खानदान की प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा से लंबे समय से पारिवारिक मित्रता है। बेग परिवार का गांधी परिवार से भी इंदिरा गांधी के समय से परिचय रहा है। रॉबर्ट वाड्रा और प्रियंका गांधी के बेटे रेहान एक विजुअल आर्टिस्ट हैं। अलग-अलग शहरों में रेहान अपने आर्टवर्क की प्रदर्शनी भी लगा चुके हैं। रेहान की कला में काफी रुचि है। रेहान का यही शौक है और पेशा भी। बता दें कि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से रेहान ने अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की। इसके बाद लंदन से उन्होंने आगे की पढ़ाई पूरी की है।
बता दें कि प्रियंका गांधी वाड्रा की होने वाली बहू अवीवा बेग दिल्ली की रहने वाली हैं। दिल्ली के ही जाने-माने मॉर्डन स्कूल से पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने जर्नलिज्म की पढ़ाई ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी से की है। अवीवा पेशे से एक फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर हैं। साथ ही नेशनल लेवल की फुटबॉल प्लेयर भी रह चुकी हैं।
