सोनारी में दो बाइक की टक्कर, एक की मौत
पूर्वी सिंहभूम{ गहरी खोज }: सोनारी थाना क्षेत्र के आशियाना गार्डन के पास शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार में आ रही दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जाहिर कॉलोनी निवासी अंशु ठाकुर के रूप में हुई है, जो जोमैटो में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था और हादसे के समय डिलीवरी के लिए निकला हुआ था। टक्कर के बाद अंशु सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी देर तक तड़पता रहा।
घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि हादसे के बाद आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं की। परिजनों का आरोप है कि कई लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। उनका कहना है कि अगर समय पर सहायता मिल जाती तो शायद अंशु की जान बच सकती थी।
परिजनों के अनुसार दूसरी बाइक सोनारी इलाके के सरदार अखाड़ा क्षेत्र के रहने वाले युवक द्वारा चलाई जा रही थी। बताया गया है कि बाइक का मालिक लक्ष्मी दास है, जबकि घटना के समय बाइक उसका दोस्त गौतम चला रहा था। हादसे के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है और लोगों के इस रवैये ने समाज की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सोनारी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना की परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है और बाइक चला रहे युवक की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
