ब्रज क्षेत्र में 2017 के बाद विकास कार्यों ने पकड़ी रफ्तार: जयवीर सिंह
लखनऊ{ गहरी खोज }: हर साल ब्रज की होली और रंगोत्सव में करीब 35 लाख सैलानी पहुंचते हैं, जबकि वर्ष 2024 में मथुरा–वृंदावन क्षेत्र में 10 करोड़ से अधिक पर्यटक आए, जिनमें डेढ़ लाख से ज्यादा विदेशी पर्यटक शामिल रहे। इस वर्ष उत्तर प्रदेश में केवल छह महीनों में ही 100 करोड़ से अधिक पर्यटक आने में ब्रज क्षेत्र की बड़ी भूमिका रही है। 2017 में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के गठन के बाद मंदिर संरक्षण, प्राचीन कुण्डों के पुनर्विकास, सड़क व प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, घाट सौन्दर्यकरण और पर्यटक सुविधाओं से जुड़े कई कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कुछ परियोजनाएँ तेजी से प्रगति पर हैं। यह बात उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने लखनऊ के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक वीडियो संदेश में कहीं।
उन्होंने कहा कि वे स्वयं ब्रज क्षेत्र के निवासी हैं और मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, बरसाना, नंदगांव जैसी भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थलियों के समग्र विकास के लिए सरकार लगातार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। ब्रज होली महोत्सव, कृष्णोत्सव और जन्मस्थली से जुड़े आयोजनों को बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। साधु-संतों और गिरि पीठों के समन्वय से मथुरा–वृंदावन कॉरिडोर को भी नई गति मिल रही है। इसके अलावा कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात भी उपस्थित रहे।
प्रमुख सचिव पर्यटन अमृत अभिजात ने कहा कि ब्रज क्षेत्र अपने आप में अत्यंत विशाल है-आगरा और हाथरस सहित कई जिले इसी सांस्कृतिक दायरे में आते हैं। कई श्रद्धालु तो इस भूमि में प्रवेश करते ही धरती माता को प्रणाम करते हैं। उन्होंने कहा कि ब्रज की बोली, भाषा और यहां मनाई जाने वाली होली विश्व भर में अद्भुत मानी जाती है। ग्रामीण पर्यटन के रूप में भी ब्रज की पहचान मजबूत हो रही है-जैत गांव सहित कई स्थानों पर तुलसी माला, लोक चित्रकला, रासलीला और स्थानीय कला लोगों की आजीविका का प्रमुख साधन बन रही हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 157 परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें से 108 पूरी हो चुकी हैं।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि, कुण्डों के पुनर्जीवन से लेकर हेरिटेज संरक्षण तक कार्य तेज़ी से चल रहे हैं। ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सहयोग से बड़े औद्योगिक समूह भी यहां निवेश में रुचि दिखा रहे हैं। रोड कनेक्टिविटी, पथ-वे और मल्टी-लेवल पार्किंग को बेहतर बनाकर बरसाना, गोकुल व दूसरे प्रमुख स्थलों पर भीड़ नियंत्रण आसान हुआ है। आगरा में बन रहा छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम भी वैश्विक स्तर पर आकर्षण का केंद्र बनेगा, जिसमें ब्रज का पहनावा, शास्त्र और सांस्कृतिक सौंदर्य प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा 84 कोसी परिक्रमा मार्ग, छोटे-बड़े मंदिरों के जीर्णोद्धार और पूरे ब्रज क्षेत्र को निखारने का काम सरकार तेजी से कर रही है।
