जनकल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही नहीं चलेगी: उप मुख्यमंत्री

0
93fca53696dbc8dabaa918369787edce
  • विकास व कानून व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
  • महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई के आदेश, अवैध कब्जों पर चलेगा अभियान
  • बोले- मनरेगा मजदूरों का समय से हो भुगतान, पात्र तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

मीरजापुर{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को अष्टभुजा निरीक्षण गृह सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने विशेष रूप से मनरेगा श्रमिकों के समय से भुगतान, हर घर नल से जल योजना में तेजी, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना में पारदर्शिता और महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी गरीब परिवार कच्चे मकान या झोपड़ी में न रहने पाए, इसके लिए पात्र लोगों को प्राथमिकता पर आवास उपलब्ध कराया जाए। उप मुख्यमंत्री ने अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने और ग्राम चौपालों के माध्यम से जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण का भी निर्देश दिया। उन्होंने एनआरएलएम समूह से जुड़ी महिलाओं को पोषाहार प्लांट व छोटे उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित करने और उन्हें 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पैनल से जोड़ने की बात भी कही।
बैठक में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, विधान परिषद सदस्य श्याम नारायण सिंह, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मृतक, स्थानांतरित और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाएं, वहीं किसी भी कीमत पर घुसपैठियों को मतदाता सूची में शामिल न किया जाए। उन्होंने बीएलओ और संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मतदाताओं की समस्याओं को सम्मानपूर्वक सुना जाए और उनका त्वरित समाधान किया जाए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध मतदाता सूची को उन्होंने अत्यंत आवश्यक बताया। इस दौरान जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जानकारी दी कि जनपद में एसआईआर का 98.2 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष कार्य भी निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा।
बैठक व प्रेस वार्ता के पश्चात उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देशवासियों के सुख-समृद्धि व कल्याण की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *