मुख्यमंत्री के नेतृत्व में महाराष्ट्र विकास की दिशा में अग्रसर : बावनकुले

0
images (1)

मुंबई{ गहरी खोज }: महाराष्ट्र के राजस्वमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र विकास की दिशा में अग्रसर है। बावनकुले ने कहा कि कृषि, बुनियादी ढांचा, सिंचाई, उद्योग, रोजगार सृजन, सामाजिक न्याय और सुरक्षा इन सभी क्षेत्रों में महायुति सरकार ने क्रांतिकारी निर्णय लेकर विकास की रफ्तार बढ़ाई है।
बावनकुले शुक्रवार को मुंबई स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संकल्पित ‘विकसित महाराष्ट्र 2047’ की परिकल्पना को ध्यान में रखते हुए सरकार ने ठोस कदम उठाने शुरू किए हैं। सर्वसमावेशी विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को 32,000 करोड़ का पैकेज, सूखे के प्रबंधन जारी, साथ ही फसल ऋण वसूली पर स्थगन देकर किसानों को राहत दी गई है। फसल बीमा व मुआवजा प्रक्रिया को गति दी गई है। पशुपालन और मत्स्य व्यवसाय को कृषि का दर्जा दिया गया है। सिंचाई क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।
नदी जोड़ो परियोजनाओं को मंजूरी देकर निधि उपलब्ध कराई गई है। उपसा सिंचाई परियोजनाओं को करोड़ों की मंजूरी दी गई। जलयुक्त शिवार 2.0 के अंतर्गत एक वर्ष में 37,166 कार्य पूर्ण किए गए। बुनियादी ढांचे के विकास के लिए बड़े पैमाने पर निधि मंजूर कर बुनियादी संरचना को सुदृढ़ करने को प्राथमिकता दी गई है। समृद्धि महामार्ग को पूरी तरह खोला गया। शक्ति पीठ महामार्ग, वधावन बंदरगाह, ऑफशोर हवाई अड्डे की योजना तैयार की गई। 100 गांवों में ‘सौरग्राम’ योजना, नागपुर में राज्य आपदा प्रबंधन संस्थान, मेट्रो लाइन 11 को मंजूरी, मुंबई में 238 लोकल ट्रेनों की खरीद के लिए 4,826 करोड़ की मंजूरी तथा रेल सेवा के विकास के लिए करोड़ों की निधि स्वीकृत की गई है।
इस अवसर पर भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम, प्रदेश महामंत्री विधायक विक्रांत पाटील, प्रदेश महामंत्री माधवी नाइक, मीडिया विभाग प्रमुख नवनाथ बन, प्रदेश सह मुख्य प्रवक्ता अजित चव्हाण, रघुनाथ पांडे, प्रतीक करपे आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *