धान में अधिक नमी पाए जाने पर ऑपरेटर से मारपीट, पिता-पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज

0
591cf6525f459da728a286a08c7683d1

कोरबा/जांजगीर-चांपा{ गहरी खोज }: भडेसर धान खरीद केंद्र में शुक्रवार काे धान की नमी जांच के दौरान संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। अधिक नमी वाले धान को वापस करने की बात पर किसान मोहर साय यादव और उसके बेटे धरम सिंह यादव ने ऑपरेटर पर हमला कर दिया। पूरी घटना केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, हेमंत राठौर भडेसर धान खरीद केंद्र में संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में काम करते हैं। शुक्रवार सुबह 8 बजे से धान की नमी जांच की प्रक्रिया चल रही थी। जिन किसानों के धान में नमी की मात्रा मानक के अनुरूप मिली, उन्हें केंद्र के अंदर प्रवेश दिया जा रहा था, जबकि अधिक नमी पाए जाने पर धान वापस किया जा रहा था।
करीब 8:45 बजे मोहर साय यादव और उनका बेटा धरम सिंह यादव धान लेकर पहुंचे। ऑपरेटर हेमंत राठौर ने धान की नमी जांच की, जिसमें नमी बहुत अधिक पाई गई। इस पर उन्होंने धान वापस ले जाने को कहा। लेकिन पिता-पुत्र धान वापस ले जाने से इनकार करते हुए विवाद करने लगे।
विवाद बढ़ने पर दोनों ने हेमंत के साथ गाली-गलौज शुरू की और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट के कारण हेमंत के सीने और पेट में दर्द होने लगा। घटना की पूरी रिकॉर्डिंग धान खरीद केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज है।
पीड़ित हेमंत राठौर की शिकायत पर पामगढ़ थाने में आरोपी मोहर साय यादव और धरम सिंह यादव के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपिताें की तलाश में जुटी है और आगे जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *