समांथा रूथ प्रभु की दूसरी शादी, तलाक के 4 साल बाद फैंस को दी खुशखबरी
मुम्बई{ गहरी खोज }:साउथ एक्ट्रेस समांथा रूथ प्रभु ने अपने फैंस को बड़ी खुशखबरी दी है। तलाक के चार साल बाद उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड राज निदिमोरू के साथ दूसरी शादी कर ली है। समांथा ने इस खास मौके की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर कर फैंस को सरप्राइज दिया। उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं और फैंस इस खूबसूरत जोड़ी को बधाई दे रहे हैं।
समांथा और राज की शादी एक इंटीमेट सेरेमनी के तौर पर हुई। शादी की फोटोज में कपल को एक-दूसरे को एंगेजमेंट रिंग पहनाते हुए देखा जा सकता है। समांथा लाल साड़ी, चोकर नेकलेस, मैचिंग बैंगल्स और ईयरिंग्स में खूबसूरत दिखाई दीं। उनके बालों में गजरा लगाया गया था, जो उनके ब्राइडल लुक को और भी आकर्षक बना रहा था। वहीं राज व्हाइट कुर्ता पायजामा और ब्राउन नेहरू जैकेट में हैंडसम लग रहे थे। कपल की केमिस्ट्री फैंस को बेहद पसंद आ रही है। फैंस और सेलेब्स दोनों ने राज-समांथा को शादी की बधाई दी। तलाक के बाद समांथा की जिंदगी में खुशियों की वापसी देख फैंस भी खुश हैं।
समांथा की पहली शादी साउथ एक्टर नागा चैतन्या से हुई थी। 2017 में दोनों की लव मैरिज हुई थी, लेकिन यह रिश्ता लंबे समय तक टिक नहीं पाया। 2021 में दोनों का तलाक हो गया। नागा संग रिश्ता टूटने के बाद समांथा ने मुश्किल दौर का सामना किया। वह मानसिक रूप से परेशान और डिप्रेशन में भी रही थीं। तलाक के बाद धीरे-धीरे उनकी जिंदगी में खुशियों की वापसी हुई और इसी दौरान उनके जीवन में डायरेक्टर राज निदिमोरू की एंट्री हुई।
राज निदिमोरू ने अपनी करियर की शुरुआत फिल्मों और वेब सीरीज डायरेक्टिंग से की। उन्होंने द फैमिली मैन, फर्जी और सिटाडेल-हनी बनी जैसी सीरीज बनाई हैं। इसके अलावा उन्होंने फिल्मों 99, शोर इन द सिटी, गो गोवा गोन, हैप्पी एंडिंग, अ जेंटलमैन डायरेक्ट की हैं। राज की पहली शादी श्यामली डे से हुई थी। जानकारी के अनुसार, राज और श्यामली 2022 में अलग हो गए थे। श्यामली पेशे से असिस्टेंट डायरेक्टर, क्रिएटिव कंसल्टेंट और स्क्रिप्टराइटर हैं।
समांथा और राज की नजदीकियां सीरीज द फैमिली मैन की शूटिंग के दौरान बढ़ीं। दोनों ने अपने रिश्ते को काफी समय तक गुपचुप रखा। कुछ महीनों पहले ही उन्होंने अपने रिलेशन को इंस्टाग्राम पर ऑफिशियल किया। अब 1 दिसंबर 2025 को दोनों ने मंदिर में सात फेरे लेकर एक-दूसरे के जीवनसाथी बनने का फैसला किया।
