एमसीडी उपचुनावः रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग, अशोक विहार में किया रोड शो
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) उपचुनाव प्रचार के आखिरी दिन शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी अनिता जैन और वीना असीजा के समर्थन में शालीमार बाग और वार्ड अशोक विहार में रोड शो किया। उन्होंने दिल्ली के लोगों से विकास यात्रा को अधिक प्रभावी, तेज और व्यापक बनाने के लिए भाजपा उम्मीदवारों को जिताने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शालीमार बाग-बी में भाजपा प्रत्याशी अनिता जैन के रोड शो में सभी का उत्साह एवं आशीर्वाद भाजपा परिवार की शक्ति भी है और आने वाले जनादेश का स्पष्ट संकेत भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 8 महीनों में शालीमार बाग ने दिल्ली सरकार द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों की गति और विस्तार को स्वयं अनुभव किया है। सड़कें, सफाई, स्वास्थ्य सुविधाएं, विभिन्न परियोजनाएं सहित हर मोर्चे पर बड़े पैमाने पर कार्य निरंतर जारी है।
अशोक विहार में रोड शो के दौरान रेखा गुप्ता ने कहा कि वीना असीजा के समर्थन में जिस गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ सभी जुड़े, वह अमूल्य विश्वास का प्रतीक है। पिछले कुछ महीने में अशोक विहार के बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और सार्वजनिक सुविधाओं सहित अनेक क्षेत्रों में तेज, सुचारु और प्रगति का अनुभव किया है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन केवल शुरुआत है, आने वाला समय और भी व्यापक, स्थायी तथा जनहित-केंद्रित विकास का साक्षी बनने जा रहा है।
गुप्ता ने एमसीडी उपचुनाव पर कहा कि इस बार दावे नहीं जनता का आशीर्वाद काम करने वाला है और दिल्ली में जनता का विश्वास, आशीर्वाद भाजपा को हर जगह मिल रहा है। यहां 12 की 12 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को इतना प्यार मिल रहा है जिसका नतीजा उपचुनाव के नतीजों में दिखने वाला है। दिल्ली की जनता फिर से भाजपा को चुनेगी। इस अवसर पर सांसद प्रवीण खंडेलवाल एवं विधायक पूनम शर्मा सहित भाजपा के कार्यकर्ता और वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
