आयुष्मान कार्ड बनाने को 25 नवंबर से 25 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान
बांदा{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा की जिलाधिकारी जे. रीभा के निर्देशन में कलेक्ट्रेट सभागार में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनवाने से सम्बंधित महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि 70 वर्ष आयु वर्ग के छूटे हुए लाभार्थियों, अन्त्योदय कार्ड धारकों (छह यूनिट वाले) और अन्य पात्र लोगों के लिए 25 नवंबर से 25 दिसंबर 2025 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
सीएमओ ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को माइक्रोप्लान के अनुसार गोल्डन कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। साथ ही अस्पतालों के पंजीकरण काउंटरों पर भी इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ ले सकें।
बैठक में यह भी बताया गया कि जिन श्रमिकों के ई-श्रम कार्ड बने हैं, उनके भी आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे। अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधान, राशन कोटेदार, एडीओ पंचायत तथा शहरी क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ता, वार्ड सदस्य और राशन कोटेदार के सहयोग से सभी पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनवाए जाएंगे। योजना के तहत लाभार्थियों को 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। बैठक में परियोजना निदेशक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
