एथर एनर्जी ने श्रीलंका में अपने उत्पादों का किया विस्तार
नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन विनिर्माता कंपनी एथर एनर्जी ने श्रीलंका में अपने उत्पादों के विस्तार की शुक्रवार को घोषणा की। कंपनी के लिए श्रीलंका एक बढ़ता हुआ अंतरराष्ट्रीय बाजार बन गया है। इसने दिसंबर 2024 में द्वीप राष्ट्र में प्रवेश किया था। एथर एनर्जी ने कहा कि उसने देश में अपने अधिकृत वितरक इवोल्यूशन ऑटो प्राइवेट लिमिटेड के साथ साझेदारी में ‘कोलंबो मोटर शो 2025’ में श्रीलंका में अपना स्कूटर ‘रिज्टा’ पेश किया।
कंपनी के मुख्य व्यवसाय अधिकारी रवनीत सिंह फोकेला ने कहा, ‘‘ पिछले साल श्रीलंका में प्रवेश करने के बाद से यह हमारे लिए तेजी से बढ़ता हुआ बाजार बन गया है। ‘रिज्टा’ के साथ यहां अपने खंड का विस्तार करना हमें स्वाभाविक अगला कदम लगा।’’ उन्होंने बताया कि ‘रिज्टा’ को भारत में एक साल से अधिक समय से और हाल ही में नेपाल में भी अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। फोकेला ने कहा, ‘‘ हमारा मानना है कि यह श्रीलंका के ग्राहकों की जरूरतों के लिए भी उपयुक्त है।’’ एथर ने नवंबर 2023 में नेपाल में प्रवेश के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत की थी। वहां इसके नौ अनुभव केंद्र और सात सेवा केंद्र हैं।
