राजनीति के तीन खिलाड़ी राहुल, अखिलेश और तेजस्वी लगातार हारने का रिकॉर्ड बना रहे हैं : दिनेश शर्मा

0
f4yjrppbcaa4uiz_1693738806

कानपुर{ गहरी खोज },: बिहार की जनता ने भाजपा और उसके सहयोगी दल एनडीए को दिल खोलकर वोट दिया हैऔर उन्हें अभूतपूर्व विजय दिलाई है। राजनीति के तीन खिलाड़ी राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव लगातार हारने का रिकॉर्ड बना रहे हैं। खेल की भाषा में कहें तो यह आउट ऑफ फॉर्म चल रहे हैं और ऐसा उनके साथ जिंदगी भर चलता रहेगा क्योंकि उन्होंने जातिवाद और संप्रदायवाद के दम पर चुनाव लड़ा है। यह बातें शनिवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कही।
आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी धार्मिक सुधारक और मुंडा समुदाय के नेता बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा कानपुर पहुंचे। जहां उन्होंने प्रेस से वार्ता करते हुए बिहार में भाजपा की जीत के लिए बिहार की जनता को बधाई दी। तो वहीं विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बिहार की जीत विपक्षी दलों और उत्तर प्रदेश, बंगाल और तमिलनाडु के लिए सबक है। आने वाले समय में बिहार की फतेह पश्चिम बंगाल की तरफ बढ़ रही है। बीजेपी की विजय यात्रा है जाे बिहार के बाद बंगाल और तमिलनाडु में जरूर निकलेगी।
उन्होंने कहा कि बंगाल में भी भ्रष्टाचार और महिलाओं के साथ अपराध अपने चरम पर है। 2027 के चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की बिहार से बड़ी जीत होगी और पश्चिम बंगाल हमारी प्रतीक्षा कर रहा है। राहुल गांधी एक ऐसे प्रतापी मनुष्य हैं कि वे जिसके साथ जाएंगे, वह भस्म हो जाएगा। बिहार में निष्पक्ष चुनाव हुए हैं। इस बात की गारंटी खुद राहुल गांधी के एजेंटों ने दी है लेकिन कुछ दिन बाद विपक्ष वोटिंग और फिर मतगणना को लेकर सवाल उठाएगा। क्योंकि उनके पास अब कोई और मुद्दा नहीं बचा है। विपक्ष ने लगातार जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया है फिर चाहे वह कोरोना वैक्सीन की बात हो या देश पर पड़ी किसी बड़ी आपदा के बीच सवाल-जवाब करना हो। हालांकि उन्हें हर जगह से जनता मुंह तोड़ जवाब दे रही है। आने वाले समय में भी उन्हें इसी तरह से जवाब मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजाति, अनुसूचित और आदिवासी समुदाय के उत्थान के लिए तमाम नई योजनाओं का संचालन किया है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सेवा समूह वनवासी कल्याण आश्रम ने प्रशंसनीय कार्य किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *