हरमनप्रीत एंड कंपनी ने रचा इतिहास
संपादकीय { गहरी खोज }: भारत की महिला क्रिकेट टीम ने नवीं मुंबई के डी वाई पाटील स्टेडियम में महिला वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में साऊथ अफ्रीका को 52 दौड़ों से हराकर 52 वर्ष के लम्बे इंतजार के बाद वर्ल्ड कप जीतने के साथ एक नया इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ ही हरमनप्रीत कौर कपिल देव, एम.एस. धोनी और रोहित शर्मा के क्लब में शामिल हो गई है।
गौरतलब है कि कपिल देव के नेतृत्व में भारत ने 1983 का वर्ल्ड कप जीता था। एम.एस. धोनी के नेतृत्व में 2007 में टी-20 विश्व कप और 2011 विश्व कप जीता था। रोहित शर्मा के नेतृत्व में 2024 टी-20 विश्व कप भारत जीता था। अब हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतकर भारत की महिला टीम ने नया इतिहास रचा है। तीन हार के बाद और अंकों के हिसाब से भी चौथे स्थान पर आने वाली भारतीय टीम ने फाइनल में जो रंग दिखाया उसने देश व दुनिया को दंग कर दिया। टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 299 रनों का लक्ष्य दिया। जबाव में द. अफ्रीका की टीम 45.3 ओवर में 246 रनों पर ही सिमट गई। दीप्ति शर्मा ने पहले बल्लेबाजी में 58 रनों की शानदार पारी खेली, फिर गेंदबाजी में 5 विकेट लेकर विपक्षी टीम को घुटनों पर ला दिया। मैच की स्टार रहीं शेफाली ने 87 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली और 2 विकेट भी लिए। भारतीय महिला टीम इससे पहले 2005 और 2017 के बाद तीसरी बार फाइनल में पहुंची थी। 2005 में उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों 98 रनों की शिकस्त झेलनी पड़ी थी और 2017 में इंग्लैंड ने नौ रन से हराकर भारत को ट्रॉफी से दूर कर दिया था। ज ऑलराउंडर दीप्ति ने फाइनल में 58 रन की जबर्दस्त पारी खेलते हुए टूर्नामेंट में अपना तीसरा अर्धशतक जड़ा। ज गौरतलब है कि दीप्ति के संस्करण में 200 रन भी पूरे हो गए। एक महिला वर्ल्ड कप में 200+रन और 15 विकेट का स्पेशल डबल पूरा करने वाली वे दुनिया की पहली खिलाड़ी बनीं। ज् वे पहली खिलाड़ी बनीं, जिन्होंने अनुभवी अफ्रीकी पेसर मैरीजन कैप को इस टूर्नामेंट में छक्का जड़ा। ज शेफाली ने 21 वर्ष 278 दिन की उम्र में वनडे वर्ल्डकप में फिफ्टी बनाई। जेफ डफिन (23 वर्ष 235 दिन) का रिकॉर्ड तोड़ा। जेफ ने 2013 में यह कारनामा किया था। ज चैम्पियन टीम भारत को करीब 39.55 करोड़ रुपए की प्राइज मनी मिली, जो टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी राशि है। यह 2023 में हुए पुरुष वर्ल्ड कप से अधिक है। तब ऑस्ट्रेलिया को 33.31 करोड़ मिले थे। ज रनरअप द. अफ्रीका को लगभग 19.77 करोड़ रु. मिले। ज शेफाली प्लेयर ऑफ द मैच, दीप्ति प्लेयर ऑफ द सीरीज। दीप्ति ने कुल 215 रन बनाए और कुल 22 विकेट लिए। ज ऋचा घोष ने इस मेगा इवेंट में कुल 12 छक्के लगाए। यह महिला वनडे वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सर्वाधिक हैं। जलगातार तीसरा आईसीसी इवेंट फाइनल हारा द. अफ्रीका। उसने 2023 व 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल गंवाए थे।
वर्ल्ड कप जीतने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा ‘हर वर्ल्ड कप के बाद हम एक टीम के रूप में इस बारे में बात करते थे कि कैसे उस आखिरी लाइन को पार किया जाए। पिछले दो सालों में अमोल मजूमदार सर (हेड कोच) के अंडर में हमने बहुत मेहनत की है। वह हमें याद दिलाते रहे कि यह टीम कुछ असाधारण करने में सक्षम है। सहयोगी स्टाफ और बीसीसीआई को भी श्रेय जाता है। उन्होंने टीम में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं किए। उन्हें इस टीम पर विश्वास था। और आज हम यहां उन सभी की वजह से खड़े हैं जो इस सफर का हिस्सा रहे। यह तो बस शुरुआत है। हम इस दीवार को तोड़ना चाहते थे और अब हमने यह कर दिखाया है। हमारा अगला लक्ष्य इसे आदत बनाए रखना है। हमारे पास चैंपियंस कप है और अगले साल एक और वर्ल्ड कप है। बड़े पल आ रहे हैं और हम दिन-ब-दिन बेहतर होते रहना चाहते हैं। यह अंत नहीं है यह एक नए अध्याय की शुरूआत है।’
1983 में कपिल देव के नेतृत्व में जब भारत ने पुरुष वर्ग में वर्ल्ड कप जीता था, उसके बाद भारत में क्रिकेट के प्रति लोगों का रुझान बढ़ा और भारत ने विश्व स्तर पर क्रिकेट में अपना विशेष स्थान बनाने में सफलता हासिल की।
महिला वर्ग में 2025 का महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारत में महिलाओं का क्रिकेट के प्रति एक बड़ा सकारात्मक परिवर्तन आने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। विशेषतया जो प्राइज मनी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड और भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने दी है, उससे खेल के प्रति लड़कियों की रुचि भी बढ़ेगी और मुकाबले भी कठिन होते जाएंगे।
जब महिला क्रिकेट भारत में शुरू हुई थी तब इसके प्रति लोग उदासीन ही थे, लेकिन 2005 और 2017 में महिला वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने और अब हरमनप्रीत एंड कंपनी द्वारा महिला वर्ल्ड कप जीत ने उदासीनता को उत्साह में बदल दिया है। हरमनप्रीत कौर सहित भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सभी सदस्यों और उनके सहयोगियों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।
