झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य भर में छठ व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्ध्य अर्पित किया
रांची{ गहरी खोज }:लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के चार दिवसीय अनुष्ठान के तीसरे दिन सोमवार को छठव्रतियों ने झारखंड की राजधानी रांची सहित पूरे राज्य के विभिन्न तालाबों, नदियों और जलाशयों के तटों और अपने-अपने घरों की छतों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य अर्पित किया।
राजधानी रांची के घाटों पर छठव्रती दोपहर से ही पहुंचने लगे। परंपरागत रूप से केला, नारियल, घाघरा नींबू और अन्य मौसमी फल के साथ कच्ची हल्दी, मूली और घर पर बने महाप्रसाद को सजाकर वर्ती जलाशयों पर पहुंचे और अस्ताचलगामी सूर्य को संपूर्ण विधा-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। व्रतियों अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य अर्पित की।
अस्ताचलगामी सूर्य की पूजा करने के बाद मंगलवार की सुबह छठव्रती उदीयमान (उगते) भगवान भुवन भास्कर को अर्ध्य अर्पित करेंगे। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह राजधानी रांची में सूर्योदय का समय 5:52 बजे है।
सूर्योपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर रांची पारंपरिक छठ गीतों से गूंज रही है। रंग-बिरंगी डिजिटल लाइटों और आकर्षक रोशनी से जगमगाते रांची के सभी छठ घाट भगवान भास्कर और छठी मैया को समर्पित पारंपरिक गीतों से गुंजयमान हैं। रांची के अरगोड़ा झील और बड़ा तालाब का नजारा खास है, क्योंकि झीलों के किनारे स्थित सूर्य मंदिर को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
छठ महापर्व के लिए रांची नगर निगम, जिला प्रशासन और छठ पूजा आयोजन समितियों ने श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किए हैं। रांची नगर निगम की ओर से शहर के सभी जलाशयों की साफ सफाई कर उन्हें रोशनी से सजाया गया है।
छठ घाटों पर बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ जलाशयों और तालाबों पर एसडीआरएफ-एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। जलाशयों के गहरे क्षेत्रों की पहचान कर उन्हें बांस की रस्सियों और लाल रिबन से चिह्नित किया गया है।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने भी परिवार के साथ हटनिया तालाब पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया है। उन्होंने रांचीवासियों से प्रशासन की ओर से दिए गए निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित रूप से छठ पर्व मनाने की अपील की है।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि शहर में शांतिपूर्वक छठ महापर्व के पहले अर्ध्य का पूजन संपन्न हुआ। कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी कैमरों से सभी छठ घाटों पर निगरानी रखी जा रही है। पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों को तौनात किया गया है। सुरक्षा को लेकर 5000 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।
