केंद्र सरकार ने कर्नाटक और महाराष्ट्र आपदा राहत के लिए 1,950.80 करोड़ रुपए की सहायता राशि की दी मंजूरी

0
amit-shah-2-1-1536x864

नयी दिल्ली { गहरी खोज } :केंद्र सरकार ने कर्नाटक और महाराष्ट्र में भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए 1,950.80 करोड़ रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस राशि को राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) के केंद्रीय हिस्से की दूसरी किस्त के रूप में अग्रिम रूप से जारी करने की मंजूरी दी। कुल राशि में से कर्नाटक को 384.40 करोड़ रुपए और महाराष्ट्र को 1,566.40 करोड़ रुपए दिए जाएंगे ताकि इन राज्यों में राहत और पुनर्वास कार्य तेजी से किए जा सकें। अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि मोदी सरकार आपदा की स्थिति में हमेशा जनता के साथ खड़ी रहती है। इस राशि का उपयोग मानसून के दौरान भारी वर्षा और बाढ़ से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान करने में किया जाएगा।
इस वर्ष केंद्र सरकार ने आपदा राहत के लिए कई राज्यों को बड़ी राशि जारी की है। वर्ष 2025-26 के दौरान एसडीआरएफ के तहत 27 राज्यों को 13,603.20 करोड़ रुपए और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) के तहत 15 राज्यों को 2,189.28 करोड़ रुपए दिए गए हैं। इसके अलावा, राज्य आपदा न्यूनीकरण कोष (एसडीएमएफ) से 21 राज्यों को 4,571.30 करोड़ रुपए और राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण कोष (एनडीएमएफ) से नौ राज्यों को 372.09 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। केंद्र सरकार ने बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने से प्रभावित सभी राज्यों को एनडीआरएफ टीमों, सेना और वायु सेना की मदद से राहत और बचाव कार्यों के लिए आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई है। इस मानसून सीजन में 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एनडीआरएफ की 199 टीमों की तैनाती की गई थी।
हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्च-स्तरीय समिति (एचएलसी) ने 2024 के दौरान बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित असम और गुजरात को 707.97 करोड़ रुपए की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता को मंजूरी दी थी। इसमें असम के लिए 313.69 करोड़ रुपए और गुजरात के लिए 394.28 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए। इसके साथ ही हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान को अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए 903.67 करोड़ रुपए की सहायता भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *