देशभर में दीपावली का उत्सव, प्रधानमंत्री मोदी सहित कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

0
PM-Modi-interacts-with-bene-1536x864

नयी दिल्ली { गहरी खोज } :देशभर में आज सोमवार को दीपावली का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई दी और सबके सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश का यह पावन पर्व हर किसी के जीवन को सुख-समृद्धि और सौहार्द से आलोकित करे, यही कामना है।”केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा, “प्रकाश और उल्लास के पर्व दीपावली की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम से सभी के आरोग्य और धन-धान्य की प्रार्थना करता हूं।”
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने ‘एक्स’ पर लिखा, “समस्त देशवासियों को आलोक पर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। दीपोत्सव के पावन अवसर पर सभी के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैले और अंधकार दूर हो। मां महालक्ष्मी जी से प्रार्थना है कि सभी को सुख, समृद्धि और आरोग्य प्रदान करें।” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली को सत्य और सनातन की विजय का प्रतीक बताते हुए कहा, “दीपोत्सव केवल दीप जलाने का अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मा में आशा का आलोक, समाज में समरसता का स्पंदन और राष्ट्र में नवजागरण का संकल्प है। प्रभु श्रीराम और माता जानकी की कृपा से घरों के साथ हृदय भी आलोकित हों और सभी के जीवन में विश्वास, उत्साह और उमंग का दीप प्रज्वलित हो।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिखा, “समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मां महालक्ष्मी और विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के पूजन को समर्पित यह महापर्व आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।” वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। दीपावली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इसे पारस्परिक सौहार्द, सद्भाव और उल्लास के साथ मनाएं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *