दुनिया में भारत के मान-सम्मान के लिए बिहार में एनडीए की सरकार जरूरीः डॉ. मोहन यादव

पटना{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और सेनाएं तैयार हो गई हैं। जिस प्रकार का समय आज सारी दुनिया में चल रहा है, उसे देखते हुए भारत को दुनिया में मान-सम्मान के साथ आगे बढ़ाने के लिए देश और बिहार में एनडीए की सरकार जरूरी है। बिहार में विकास की इबारत लिखने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनना निश्चित है, क्योंकि भाजपा सबका साथ-सबका विकास सिर्फ बोलती नहीं है, करके दिखाती है।
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को बिहार के कुम्हरार विधानसभा के कदमकुआं एवं विक्रम विधानसभा के पार्वती विद्यालय के मैदान में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने कुम्हरार विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी संजय गुप्ता एवं विक्रम विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी सिद्धार्थ सौरभ का नामांकन जमा कराया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोगों ने 2004-2005 के पहले का बिहार देखा होगा। उस समय बिहार में डकैतों का बोलबाला था, कितनी खराब हालत थी। यहां जंगलराज था। इसके लिए कांग्रेस भी जवाबदेह है। कांग्रेस के कुशासन के परिणाम बिहार और पूरा देश भुगत रहा है। लायसेंस, कोटा, परिमिट वाली व्यवस्था ने बंटाढार कर दिया। कांग्रेस ने बिहार और देश को बर्बाद कर दिया। बाद में बिहार को लालटेन को पकड़ा दिया। एक परिवार के हाथों में पूरी सत्ता केंद्रित हो गई और बिहार के विकास की गति रुक गई। लेकिन समय के साथ जो बदलाव हुआ और जिस तरह से बिहार को विकास का मॉडल बनाया गया, उसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार का अभिनंदन करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के पद संभालने के बाद से बिहार के विकास के लिए 13 लाख करोड़ से अधिक की राशि दी गई है। आज का पटना बिल्कुल अलग है। बिहार के लोगों में क्षमता और योग्यता की कमी कभी नहीं रही। सबसे ज्यादा आईएएस, आईपीएस बिहार से निकलते हैं। कमी थी तो बस सही नेतृत्व और नीयत की। इस कमी को एनडीए की सरकार ने पूरा किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का अपमान किया था, लेकिन बिहार की जमीन स्व. जयप्रकाश नारायण की कर्मभूमि है, जिन्होंने आपातकाल में प्रजातंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। हमें इस बात की प्रसन्नता है कि एक गरीब परिवार में जन्मे नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं। लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेशों में जाकर देश को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। इन्हें खुद नहीं मालूम और फिर उच्चतम न्यायालय में जाकर माफी मांगते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी सेना जान की बाजी लगाकर सीमाओं की सुरक्षा करती है। जरूरत पड़ने पर पाकिस्तान को पानी पिलाती है और उसका बैंड भी बजा देती है। कांग्रेस के लोग उस सेना पर सवाल खड़े करके उसका अपमान करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं। हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गई है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना शुरू की जिसमें गरीब से गरीब व्यक्ति भी पांच लाख तक का मुफ्त इलाज करा सकता है। उनके कार्यकाल में 500 सालों से चल रहे रामजन्मभूमि विवाद का समाधान हुआ और कोर्ट के फैसले के उपरांत भव्य राम मंदिर बनाया गया। ये राम और कृष्ण का देश है, लेकिन कांग्रेस के लोग भगवान राम पर भी सवाल उठाते हैं। कहते हैं, राम को किसने देखा? कहां पैदा हुए थे राम?
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी स्थापना का 100 वां वर्ष मना रहा है। यह संगठन पारस की तरह है, जिसके संपर्क में जो भी आता है, वह सोना बन जाता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मनुष्य को सनातन संस्कृति से जोड़ते हुए जिस प्रकार के संस्कार प्रदान करता है, वह कहीं और मिलना कठिन है। भाजपा में यह तीसरी-चौथी पीढ़ी चल रही है। एक पीढ़ी जिस तरीके से अगली पीढ़ी को नेतृत्व सौंपती है, वह सिर्फ भाजपा में ही हो सकता है। दूसरी तरफ राहुल गांधी हैं, जब बोलते हैं, अपने मनोभाव व्यक्त करते हैं, तो ऐसा लगता है कि वह अरबन नक्सलियों वाली मानसिकता से ग्रसित हैं। वो क्या बोलते हैं, कैसा बोलते हैं और किस भाषा में बोलते हैं? लेकिन ये उनका दोष नहीं है। जब परिवार में 3-4 पीढ़ी से ऐसी ही परंपरा रही हो, तो वहां संस्कारों की अपेक्षा करना ही मुश्किल है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भले ही अपने विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति अभेद गढ़ की तरह हो, लेकिन सावधानी फिर भी जरूरी है। सावधानी हटी और दुर्घटना घटी। हमारे विरोधी अपनी चालाकी से कुछ भी कर सकते हैं। जिस तरह से खिसियानी बिल्ली खंभा नोंचती है, हमारे विरोधी कुछ भी बोल रहे हैं। लेकिन आपको उस तरह से उनकी गालियों को नजरअंदाज करना है, जैसे भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी बुआ के लड़के शिशुपाल की गालियों को किया था। मतदान वाले दिन इनकी सौ गालियां पूरी हो जाएंगी और आपके हाथों में वोट का सुदर्शन चक्र होगा। आप एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में बटन दबाइये और आपका सुदर्शन चक्र काम करने लगेगा। यह सुदर्शन चक्र ही एक बार फिर हमारी विजय यात्रा को शुरू करेगा।