बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में 16 अक्टूबर को दीक्षांत समारोह

बांदा{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह 16 अक्टूबर 2025 को आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। इस अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आई.ए.आर.आई.) नई दिल्ली के निदेशक एवं कुलपति डॉ. चेरुकुमल्ली श्रीनिवास राव मुख्य अतिथि के रूप में दीक्षांत समाराेह में शामिल होंगे।
यह जानकारी मंगलवार काे मीडिया से बातचीत करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एस. वी. एस. राजू ने दी। उन्हाेंने बताया कि डॉ. चेरुकुमल्ली श्रीनिवास राव देश के प्रसिद्ध मृदा वैज्ञानिक हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। समारोह में विश्वविद्यालय के 350 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 240 स्नातक, 87 स्नातकोत्तर और 15 पीएच.डी. शोधार्थी शामिल हैं। कुल 19 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 7 छात्राएं और 12 छात्र सम्मानित होंगे। सर्वश्रेष्ठ स्नातक छात्र के रूप में बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि के अंश सक्सेना को चान्सलर गोल्ड मेडल दिया जाएगा। समारोह में सभी छात्र-छात्राएं पारंपरिक भारतीय परिधान में शामिल होंगे।
कुलसचिव प्रो. एस.के. सिंह ने बताया कि इस वर्ष उपाधियों के कागज में विशेष परिवर्तन किया गया है। अब सभी उपाधियां सिंथेटिक कागज पर मुद्रित होंगी, जो पानी और तेल प्रतिरोधी होने के साथ हाथ से फाड़ी नहीं जा सकतीं। इससे उपाधियां लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगी। दीक्षांत समारोह से पूर्व 7 से 14 अक्टूबर तक ‘दीक्षोत्सव 2025’ के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं हैं, जिनमें 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राज्यपाल के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय ने दुरेडी, खप्टिहाकला, मवई, चहितारा एवं अछरौड़ ग्रामों के विद्यालयों में कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच कहानी कथन, चित्रकला, भाषण और देशभक्ति गीत प्रतियोगिताएं कराईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समारोह के दौरान सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम स्थल का भ्रमण करेंगी और संग्रहालय एवं कला दीर्घा का उद्घाटन करेंगी। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विश्वविद्यालय ने आंगनवाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने की दिशा में पहल की है। इस वर्ष समारोह में हमीरपुर जिले के 100 आंगनवाड़ी केंद्रों को कुलाधिपति द्वारा आंगनवाड़ी किट प्रदान की जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। समारोह के दौरान राज्यपाल द्वारा विश्वविद्यालय के प्रसार निदेशालय की ओर से आयोजित किए जाने वाले उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला 2026 (12 से 14 फरवरी 2026) की विवरणिका का विमोचन भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष विश्वविद्यालय ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। राजभवन के मार्गदर्शन में पहली बार एनएएसी मूल्यांकन में ‘ए’ ग्रेड प्राप्त कर विश्वविद्यालय ने नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस वर्ष 57 नई शोध परियोजनाएं तैयार की गईं और 33 सक्रिय परियोजनाओं पर कार्य जारी है। विश्वविद्यालय द्वारा अलसी, तिल और तोरई की नई प्रजातियां विकसित की गई हैं। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत चार प्रदर्शन इकाइयां स्थापित की गईं। बीज उत्पादन कार्यक्रम के अंतर्गत 2363 क्विंटल प्रमाणित बीज का उत्पादन किया गया। राज्य स्तर पर कृषि विज्ञान केंद्र हमीरपुर को राज्यपाल की ओर से सर्वश्रेष्ठ केवीके पुरस्कार मिला, वहीं एक वैज्ञानिक को मुख्यमंत्री सम्मान और पांच शिक्षकों को राज्यस्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।