कोलकाता मेट्रो का बड़ा निर्णय, परीक्षार्थियों के लिए बदला रविवार का शेड्यूल

0
6dfb7da1c0cbfeeb02e731db4ef8d6fe

कोलकाता{ गहरी खोज : पश्चिम बंगाल पुलिस भर्ती बोर्ड की परीक्षा के मद्देनजर मेट्रो रेलवे प्रशासन ने रविवार, 12 अक्टूबर को परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष मेट्रो सेवाएं संचालित करने का निर्णय लिया है। सामान्यतः रविवार को मेट्रो सेवा सुबह नौ बजे से शुरू होती है, लेकिन इस बार परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ब्लू लाइन और ग्रीन लाइन पर सुबह सात बजे से ही मेट्रो चलनी शुरू हो जाएगी। मेट्रो रेलवे के अनुसार, ब्लू लाइन पर रविवार को कुल 138 सेवाएं (69 अप और 69 डाउन) चलाई जाएंगी, जबकि सामान्य रविवार को 130 सेवाएं होती हैं। सुबह सात बजे से नौ बजे तक अप और डाउन दोनों दिशाओं में हर 30 मिनट के अंतराल पर मेट्रो चलेगी। अंतिम सेवा का समय पूर्ववत रहेगा।
पहली मेट्रो सुबह सात बजे नोआपाड़ा से शहिद खुदीराम तक जाएगी (अन्य रविवारों की तुलना में दो घंटे पहले), जबकि दूसरी ओर से सुबह सात बजकर चार मिनट पर शहिद खुदीराम से दक्षिणेश्वर के लिए रवाना होगी। वहीं सुबह सात बजकर 20 मिनट पर दक्षिणेश्वर से शहिद खुदीराम की ओर पहली मेट्रो चलेगी।
अंतिम सेवाएं क्रमशः रात 9:30 बजे शहिद खुदीराम से दक्षिणेश्वर, रात 9:33 बजे दक्षिणेश्वर से शहिद खुदीराम, और रात 9:43 बजे शहिद खुदीराम से दमदम के बीच चलाई जाएंगी।
ग्रीन लाइन पर रविवार को कुल 112 सेवाएं (56 अप और 56 डाउन) दी जाएंगी, जबकि अन्य रविवारों में केवल 104 सेवाएं चलती हैं। सुबह सात बजे से नौ बजे तक हर 30 मिनट के अंतराल पर मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
पहली सेवा सुबह सात बजे हावड़ा मैदान से सॉल्टलेक सेक्टर-पांच के लिए चलेगी (अन्य रविवारों में सुबह नौ बजे), और सुबह सात बजकर दो मिनट पर सॉल्टलेक सेक्टर-पांच से हावड़ा मैदान के लिए रवाना होगी। अंतिम सेवाएं क्रमशः रात 9:45 बजे हावड़ा मैदान से सॉल्टलेक सेक्टर-पांच और रात 9:47 बजे सॉल्टलेक सेक्टर-पांच से हावड़ा मैदान के बीच चलेंगी। रविवार को येलो लाइन पर सामान्य सेवा जारी रहेगी, जबकि पर्पल लाइन और ऑरेंज लाइन पर अन्य रविवारों की तरह कोई सेवा नहीं रहेगी। मेट्रो अधिकारियों ने कहा कि यह निर्णय परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *