भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर हमले के तीन दिन बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं

0
1777cc6230ae5155e1a8035185030636

कोलकाता{ गहरी खोज }: जलपाईगुड़ी जिले के नागराकाटा क्षेत्र में भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर हुए हमले को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस की जांच फिलहाल किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंची है। जलपाईगुड़ी जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मामले की जांच जारी है। शिकायत की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
भाजपा ने नागराकाटा थाने में आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। यह हमला सोमवार को उस समय हुआ था जब सांसद खगेन मुर्मू भाजपा विधायक शंकर घोष के साथ भूस्खलन प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री बांटने और पीड़ितों से मिलने जा रहे थे। हमले के बाद सांसद को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया और बाद में उन्हें सिलीगुड़ी के एक अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनके बाएं गाल की हड्डी में फ्रैक्चर है और सर्जरी के दौरान उसमें धातु की प्लेट लगाई जा सकती है। उनकी चोट आंख के नीचे से लेकर नाक तक फैली हुई है, जिसके लिए सात टांके लगाए गए हैं। डॉक्टरों ने उन्हें कम से कम 15 दिन तक बोलने से परहेज़ करने की सलाह दी है। परिवार के सदस्य उन्हें आगे के इलाज के लिए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाने की तैयारी में हैं। राज्यपाल डॉ. सी. वी. आनंद बोस ने मंगलवार को अस्पताल जाकर सांसद का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और कई अन्य नेता भी उनसे मिलने पहुंचे। इस घटना को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की है। वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने इस हमले पर राज्य सरकार से त्वरित रिपोर्ट तलब की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *