गांधी जयंती के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

0
179902b04041d52b078fe3532df757cc
  • उप मुख्यमंत्री ने किया गांधी पुस्तक मेला का शुभारम्भ

लखनऊ{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक गांधी जयंती के अवसर पर गुरूवार को लखनऊ में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री लखनऊ स्थित जी०पी०ओ० पार्क परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद हजरतगंज स्थित गांधी आश्रम में महात्मा गांधी के प्रिय चरखा को चलाकर सूत काटा और उनके आदर्श व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विचार रखा। उन्होंने विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत की नींव स्वदेशी के संकल्प को मजबूत और बढ़ावा देने के लिए गांधीजी के स्वदेशी प्रियता के प्रतीक खादी वस्त्रों का क्रय किया।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ के चारबाग रेलवे परिसर में महात्मा गांधी की जयंती पर सर्वोदय साहित्य द्वारा आयोजित 35वें गांधी पुस्तक मेला का फीता काटकर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष, भाजपा, लखनऊ आनंद द्विवेदी , आयोजक नीरज अरोड़ा, कस्तूरी लाल अरोड़ा एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ स्थित लाल बहादुर शास्त्री भवन (एनेक्सी) में देश के भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व० लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित किया।
इस अवसर पर एमएलसी मुकेश शर्मा, महापौर, लखनऊ सुषमा खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष, भाजपा, लखनऊ आनंद द्विवेदी, एमएलसी लालजी प्रसाद निर्मल, अवनीश सिंह एवं विधायक नीरज बोरा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
गांधी आश्रम में बोलते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि हर वर्ष दशहरा का पावन पर्व हम सब धूमधाम से मनाते हैं, यह सनातन संस्कृति का प्रतीक है, बुराई पर अच्छाई की विजय का द्योतक है। भगवान श्री राम जी ने बुराई के प्रतीक रावण का वध कर जिस प्रकार विजयश्री हासिल की थी, उसी को हम सब प्रति वर्ष दशहरा के रूप में आज ही के दिन बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन कर अधर्म पर धर्म की विजय का पर्व मनाते हैं। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब प्रण लेते हैं कि प्रभु श्री राम जी के आदर्शों के प्रति प्रदेश के एक-एक नागरिक को जोड़कर अपने देश व प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हम सब विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए काम करेंगे और एक-एक व्यक्ति को भाईचारे की भावना से जोड़कर उत्तर प्रदेश की प्रगति में सहायक बनाने का काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *