आरएसएस ने समाज के प्रत्येक क्षेत्र में सेवा, समरसता और संगठन का भाव जगाया: योगी

0
YogiAdityanathBJP_d

लखनऊ{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने की सभी स्वयंसेवकों को हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि माँ भारती की सेवा, राष्ट्रीय एकता और सनातन संस्कृति के संवर्धन को समर्पित विश्व के सबसे विशाल सांस्कृतिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शतकीय यात्रा राष्ट्रचेतना के पुनर्जागरण का अमर अध्याय है। संघ ने शाखा की अनुशासित पंक्ति में राष्ट्रप्रेम के संस्कार बोये, समाज के प्रत्येक क्षेत्र में सेवा, समरसता और संगठन का भाव जगाया।
मुख्यमंत्री ने लिखा है भारत की आत्मा को आत्मविश्वास दिया, बिखरे समाज को एकात्मता के सूत्र में पिरोया, राष्ट्रवाद को जीवन का आधार बनाया और अखंड भारत के निर्माण के दिव्य संकल्प से जन-जन को जोड़ने का कार्य किया। ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से दीप्त यह संगठन करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा चरित्र निर्माण की कार्यशाला है। यहां अनुशासन और सहयोग का पाठ पढ़ाया जाता है। यहां सेवा और समर्पण के बीज बोए जाते हैं। वहीं मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों को विजयादशमी की भी शुभकामनाएं देते हु​ए लिखा कि प्रभु श्री राम की कृपा से हर हृदय धर्म और सत्य के आलोक से आलोकित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *