‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’

संपादकीय { गहरी खोज }: पंडित दीनदयाल की जयंती के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में एक राज्यस्तरीय समारोह में प्रदेश में महिलाओं के लिए ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री सैनी ने इसके लिए विशेष मोबाइल एप लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ 23 वर्ष से 60 वर्ष की आयु की उन विवाहित व अविवाहित बहनों को मिलेगा, जिनके परिवार की सालाना आय एक लाख रुपये तक है। इसके तहत, एक नवंबर से हर महीने 2100 रुपये पात्र महिलाओं के बैंक खातों में आने शुरू हो जाएंगे। पहले चरण में लगभग 20 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एप’ के माध्यम से बहनें घर बैठे आवेदन कर सकेंगी। जो महिलाएं 25 सितंबर तक इस योजना के लिए पात्र हैं, वे तुरंत आवेदन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक पहल हुई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं को अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना है। सीएम ने आवेदन में आने वाली समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर (18001802231) और हेल्पलाइन नंबर (01724880500) भी जारी किया। कार्यक्रम के दौरान ही पांच पात्र महिलाओं का लाइव पंजीकरण करवाया गया। सीएम ने बताया कि मोबाइल एप लॉन्च होने के कुछ समय के भीतर ही लगभग 50 हजार महिलाओं ने एप डाउनलोड किया और 8000 महिलाओं ने आवेदन किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योजना का शुभारंभ करते हुए साफ कहा कि भाजपा की सरकार अंत्योदय दर्शन को नारी शक्ति से जोड़कर 2029 की राह तय कर रही है। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल का मानना था कि राष्ट्र तभी महान बनेगा जब नारी सुरक्षित और सम्मानित होगी। मंच से उन्होंने इसे भाजपा की राजनीति का चुनावी मंत्र बना दिया। उन्होंने बेटियों से कहा कि जब वे 23 साल की हों, उस दिन से इस योजना का लाभ उठाना शुरू करें। इस भावनात्मक अपील के जरिये सीएम ने महिला वोटरों को साधने की भी कोशिश की। गौरतलब है कि हरियाणा की राजनीति में महिलाओं की हिस्सेदारी निर्णायक रही है। 2014 और 2019 में भाजपा को महिला वोटों से भारी फायदा मिला। अब महिलाओं को 2100 रुपये मासिक सहायता और डिजिटल कनेक्ट देकर चुनावी गणित बदलने का दांव खेला है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि योजना का क्रियान्वयन तेज और पारदर्शी रहा तो यह भाजपा का सबसे बड़ा सोशल इंजीनियरिंग हथियार साबित हो सकता है।
हरियाणा में मुख्यमंत्री सैनी द्वारा शुरू की गई ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का नवरात्रों के दिनों में शुरू करने की घोषणा का एक अलग महत्व है। आज मातृशक्ति के रूप ‘मां’ की आराधना सारा देश विशेषतया सनातन धर्म में आस्था रखने वाले पूरी श्रद्धा के साथ कर रहे हैं। ऐसे में महिलाओं के लिए 2100 रुपए की मासिक सहायता विशेषतया आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों की महिलाओं के लिए एक राहत देने वाला कदम माना जाएगा, जो त्योहारों के इन दिनों में उनकी खुशी को बढ़ाने में सहायक ही होगा।
हरियाणा सरकार द्वारा शुरू की गई ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का भाजपा को हरियाणा में राजनीतिक लाभ तो भविष्य के चुनावों में मिलेगा ही, इसके साथ-साथ पंजाब की राजनीति को भी प्रभावित करने की क्षमता रखती है।
2022 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को 1100 रुपए मासिक राहत राशि देने की घोषणा की थी जो अब तक लागू नहीं हुई। हां, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अक्तूबर से लागू करने की घोषणा अवश्य की है। हरियाणा सरकार की उपरोक्त योजना से मान सरकार पर दबाव बढ़ेगा और पंजाब भाजपा हरियाणा सरकार द्वारा शुरू की ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों में राजनीतिक लाभ लेने की भरपूर कोशिश अवश्य करेगी। नायब सिंह सैनी अपने पंजाब दौरों के दौरान विशेष रूप से उल्लेख करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी का एक तीर से कई निशाने साधने का लक्ष्य है।