अभिषेक शर्मा की शानदार पारी, एशिया कप टी20 में इतिहास रचने वाले पहले खिलाड़ी

0
rln5a24s_abhishek-sharma-_625x300_25_September_25

दुबई{ गहरी खोज }: भारत के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा इस वक्त अपने करियर के सुनहरे फॉर्म में हैं। एशिया कप टी20 2025 में श्रीलंका के खिलाफ सुपर-4 के आखिरी मुकाबले में उन्होंने एक नया कीर्तिमान रच दिया। इस एशिया कप में वह अब तक छह पारियों में 309 रन बना चुके हैं। अभिषेक किसी एक एशिया कप टी20 संस्करण में 300 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।
इससे पहले किसी एक एशिया कप टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान के नाम था। उन्होंने 2022 एशिया कप में छह पारियों में 281 रन बनाए थे। वहीं, विराट कोहली ने 2022 एशिया कप में ही पांच पारियों में 276 रन बनाए थे। अभिषेक ने इस एशिया कप में कई और बड़े रिकॉर्ड्स की बराबरी की और कुछ तोड़ भी डाले। अभिषेक ने श्रीलंका के खिलाफ 31 गेंद में आठ चौके और दो छक्के की मदद से 61 रन की तूफानी पारी खेली। अभिषेक शर्मा से पहले किसी भी खिलाड़ी ने एशिया कप टी20 में 300 रन का आंकड़ा नहीं छुआ था। उन्होंने मोहम्मद रिजवान और विराट कोहली के पुराने रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया।
अभिषेक शर्मा ने अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय में छह बार 25 या उससे कम गेंदों में 50 रन पूरे किए हैं। उनके नाम पांच अर्धशतक और दो शतक हैं। इनमें से छह बार उन्होंने 25 या उससे कम गेंदों में 50 रन पूरे किए। वह सबसे ज्यादा बार ऐसा करने वालों की खास लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव उनसे थोड़ा आगे हैं। अभिषेक शर्मा ने 2025 में लगातार सात बार 30+ स्कोर बनाया और मोहम्मद रिजवान और रोहित शर्मा के बराबरी पर आ गए हैं। यह दिखाता है कि वे सिर्फ तेज खेल ही नहीं रहे, बल्कि लगातार टीम को अच्छी शुरुआत भी दे रहे हैं।
अभिषेक शर्मा ने इस एशिया कप में लगातार तीन अर्धशतक लगाए और इस खास क्लब में शामिल हो गए। इस लिस्ट में विराट कोहली, केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव जैसे बड़े नाम पहले से मौजूद हैं। अभिषेक शर्मा ने इस लिस्ट में भी जगह बना ली है। उन्होंने फुल मेंबर टीमों के खिलाफ खेले गए टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों में एंट्री कर ली है। अभिषेक शर्मा का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने लगातार बड़े स्कोर बनाए और टीम इंडिया को हर मैच में दमदार शुरुआत दी। पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप टी20 2025 फाइनल से पहले उनका यह फॉर्म भारत के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *