पन्ना-सतना नेशनल हाईवे पर पेड़ से टकराकर पलटी यात्री बस, करीब 12 से अधिक यात्री घायल

पन्ना{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज गति से दाैड़ रहे वाहन आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हाे रहे हैं, जिससे लाेगाें के जीवन का संकट बना रहता है। ऐसे ही एक मामले में रविवार सुबह पन्ना-सतना नेशनल हाईवे-39 पर एक तेज रफ्तार यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में करीब 12 से अधिक लाेग घायल हुए है। घायलाें में कई महिलाएं भी शामिल है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पांडेय बस सर्विस की यात्री बस क्रमांक एमपी -35, पी-0246 गुन्नौर से पन्ना आते समय काष्टागार के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में पांच महिलाओं सहित करीब एक दर्जन यात्री घायल हुए। घटना में छतरपुर जा रही ककरहटी निवासी 40 वर्षीय संतोषी पाण्डेय को गंभीर चोटें आईं। उन्हें जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया गया है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। बस में सवार वनगांव की यात्री राजकुमारी बाई के अनुसार, चालक तेज गति से बस चला रहा था। उसने नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बीच सड़क पर पलटी हुई यात्री बस को सीधा करने के लिए कोई क्रेन या भारी मशीन नहीं मंगाई गई, बल्कि कुछ लोग मिलकर अपने हाथों से ही इसे उठाने की कोशिश करते दिख रहे हैं।