ठाणे-घोड़बंदर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

मुंबई{ गहरी खोज }: ठाणे शहर और घोड़बंदर मार्ग पर जाम की समस्या से परेशान नागरिकों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। पालघर जिला प्रशासन ने अधिसूचना जारी करते हुए 18 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक गुजरात से ठाणे की ओर आने वाले 10 पहिए और उससे अधिक चक्कों वाले भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है।अधिसूचना के अनुसार, इन वाहनों को चिंचोटी नाका पर प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके लिए तलासरी, चारोटी और मनोर में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। रात 9 बजे के बाद ही इन वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति होगी। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस नियम से छूट दी गई है। बारिश से जर्जर घोड़बंदर मार्ग पर गड्ढों और भारी वाहनों के दबाव से ट्रैफिक की स्थिति बिगड़ गई थी, जिससे आम नागरिक घंटों जाम में फंस रहे थे। प्रशासन को विश्वास है कि यह कदम यातायात सुगम बनाने और लोगों को बड़ी राहत दिलाने में सहायक होगा।