वोट चोरी हुई तो यूपी की जनता भी सड़क पर दिखाई देगी: अखिलेश

0
sp

किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वालों को सपा प्रमुख ने किया सम्मानित

लखनऊ{ गहरी खोज }: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सपा मुख्यालय में किसान आन्दोलन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को सम्मानित किया। इस दौरान सिख समाज के लोगों ने उन्हें पगड़ी पहनायी। अखिलेश यादव ने पगड़ी धारण कर प्रेसवार्ता को संबोधित किया। सपा प्रमुख ने नेपाल में हुए घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आसपास के देशों में जनता सड़कों पर है। वोट चोरी होगी तो यहां भी यह हो सकता है और यूपी की जनता भी सड़क पर दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि समय—समय पर कोर्ट ने निर्देश दिया है। निष्पक्ष चुनाव कराना चुनाव आयोग का काम है। हमें भरोसा है कि चुनाव आयोग भाजपा का जुगाड़ आयोग नहीं बनेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल पगड़ी खुशी के समय पहनायी जाती है। अब खुशी आने वाली है। सपा की सरकार बनने वाली है। सिख समाज की तमाम समस्याओं के निराकरण का काम हम समाजवादी सरकार में करेंगे। राजनैतिक तौर पर भी सम्मान देने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि यहां भाजपा ने कब्जा कर रखा है। यूपी में कुंदरकी चुनाव में मुख्यमंत्री ने अपनी जाति के अफसर को तैनात कर बंदूक के बल पर चुनाव जीता है। अखिलेश यादव ने कहा कि लोहिया अस्पताल की हालत खराब है। डिप्टी सीएम डपट खाते हैं। उनकी गाड़ी छिन गयी है। भाजपा सरकार में हिरासत में मौत के रिकॉर्ड बन रहे हैं। भाजपा के लोग भी पुलिस हिरासत में मारे जा रहे हैं। प्रदेश में लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। सिस्टम खराब होने के पीछे कौन लोग हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि पंजाब में बाढ़ के चलते बड़े पैमाने पर लोगों की जान गई है। फसले चौपट हुई है। जानवर तक मरे हैं। उनकी मांग है कि सरकार पंजाब के लोगों की पूरी भरपाई करें। सिर्फ पंजाब ही नहीं बल्कि जम्मू कश्मीर यूपी उत्तराखंड में भी प्रभावित लोगों की मदद करें। अखिलेश ने भी लखीमपुर किसान आंदोलन में मारे गए मृतकों के परिजनों को सम्मानित करते हुए अखिलेश ने कहा कि लाल पगड़ी खुशी के समय पहनाई जाती है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मंत्री बेबी रानी मौर्य का जान बूझकर अपमान कराया जा रहा है, उन्हें राज्यपाल से हटाकर यूपी में चुनाव लड़ाया गया था।
उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाएगा, लेकिन सिर्फ मंत्री बनाया गया, जो सीएम बने हैं, वही उनका अपमान करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में अंदरूनी लड़ाई का खामियाजा यूपी को नहीं भुगतना चाहिए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार चरम पर है। याद कीजिए जौनपुर बैंक डकैती में इन्होंने फेक एनकाउंटर किया था। बाद में घटना को मैनेज करने के लिए अपने स्वजातीय को ही मरवा दिया।
इस दौरान अखिलेश ने कहा कि सोना खरीद लो, दिवाली तक दो लाख रुपए प्रति दस ग्राम हो जाएगा। बीजेपी की तरह चलो और मुनाफा कमाओ। सुनने में आया है कि कोई सोना बहुत इकट्ठा कर रहा है। हालांकि सच्चाई कितनी है, मुझे नहीं पता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *